
Raipur chhattisgarh VISHESH / वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 5,05,500 टन प्राइम रेल उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति को लेकर सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल के अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए एचआर-एलएंडडी सेंटर में विशेष परफॉर्मेंस इम्प्रूवमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य वार्षिक व्यवसाय योजना लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समन्वित कार्यसंस्कृति विकसित करना, परिचालन दक्षता बढ़ाना तथा उत्पादन प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाना रहा।
कार्यशाला में कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मार्केटिंग एंड यूजर्स) बी. के. बेहेरा, मुख्य महाप्रबंधक (रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल तथा रेल टेस्टिंग शॉप) तीर्थंकर दस्तीदार, मुख्य महाप्रबंधक (प्रोडक्शन प्लानिंग एंड कंट्रोल) पी. आर. भल्ला, महाप्रबंधक (रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल) एन. के. खरे तथा महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास) संजीव कुमार श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि महत्वाकांक्षी प्राइम रेल उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास, परिचालन उत्कृष्टता, तकनीकी नवाचार तथा अनुशासित कार्य निष्पादन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने प्रक्रिया अनुकूलन, तकनीकी हस्तक्षेप और प्रभावी टीमवर्क को उत्पादन क्षमता वृद्धि की प्रमुख आधारशिला बताया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर उत्पादन प्रदर्शन, प्रिवेंटिव मेंटेनेंस, प्रक्रिया स्थिरीकरण, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा तकनीकी सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक मंथन कराया गया। समूहों ने परिचालन दक्षता बढ़ाने, शॉप फ्लोर प्रदर्शन को सुदृढ़ करने तथा उत्पादन बाधाओं को न्यूनतम करने के लिए व्यवहारिक सुझाव एवं कार्ययोजना आधारित प्रस्तुतियां दीं।
प्रतिभागियों ने सतत प्रदर्शन सुधार, उत्पादकता वृद्धि तथा मिल संचालन को अधिक सक्षम बनाने के उद्देश्य से श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और नवाचार आधारित उपायों को साझा किया। समापन सत्र में प्रस्तुत सुझावों एवं प्रस्तावित पहलों पर विस्तार से चर्चा के बाद वार्षिक व्यवसाय योजना लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मार्केटिंग एंड यूजर्स) बी. के. बेहेरा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के महत्वाकांक्षी उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता, नवाचार आधारित कार्यप्रणाली तथा अनुशासित निष्पादन ही सफलता की कुंजी होंगे।
*****





















