

Raipur chhattisgarh VISHESH / रविवार को पाकिस्तान के स्वात ज़िले में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए आत्मघाती बम धमाके के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल का मुआयना करते हुए
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के स्वात ज़िले में रविवार शाम कबल पुलिस थाने के बाहर हुए आत्मघाती धमाके में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज़्यादा लोग घायल हो गए.

पुलिस के मुताबिक, धमाका पुलिस स्टेशन के बाहर हुआ. पाकिस्तान के संघीय गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने पुष्टि की कि यह आत्मघाती हमला था. मोहसिन नक़वी ने कहा कि बहादुर पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आत्मघाती हमलावर को थाने के अंदर घुसने से रोक दिया, जिससे बड़ा नुक़सान टल गया.
बताया गया है कि यह धमाका उस समय हुआ, जब स्वात में बढ़ती आतंकी घटनाओं के विरोध में स्थानीय लोग ‘अमन प्रदर्शन’ कर रहे थे. रेस्क्यू 1122 के मुताबिक, 15 से ज़्यादा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.
वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका पुलिस थाने के पास उस वक्त हुआ, जब इलाक़े में शांति मार्च चल रहा था. गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया है.





















