

तीन दिवसीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित होंगे नवीनतम छायाचित्र, 8 अगस्त तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी
प्रविष्टि तिथि: 05 AUG 2026 5:37PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित नेहरू आर्ट गैलरी, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर में युवा छायाकार हिमांशु वर्मा की तीन दिवसीय एकल छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का शुभारंभ 6 अगस्त 2026 को मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) उन्मेष भारद्वाज के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।

प्रदर्शनी 6 से 8 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। इसमें हिमांशु वर्मा द्वारा सृजित नवीनतम छायाचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। उनके छायाचित्र प्रकृति और दैनिक जीवन के सहज एवं सामान्य प्रतीत होने वाले क्षणों को कलात्मक दृष्टि से प्रस्तुत करते हैं।
हिमांशु वर्मा अपनी विशिष्ट मिनिमलिस्ट शैली के लिए पहचाने जाते हैं। वे अपने छायाचित्रों के माध्यम से सामान्य दृश्यों में निहित सौंदर्य और अर्थ को उभारते हैं। प्रकाश और छाया के संतुलित संयोजन, सूक्ष्म भावों तथा क्षणभंगुर दृश्यों को संवेदनशीलता के साथ कैमरे में कैद करना उनकी छायांकन शैली की प्रमुख विशेषता है। उनके कार्य दर्शकों को दैनिक जीवन की बारीकियों और आसपास के दृश्यों को नए दृष्टिकोण से देखने के लिए प्रेरित करते हैं।
हिमांशु वर्मा वर्ष 2019 में नेहरू आर्ट गैलरी में आयोजित संयुक्त छायाचित्र प्रदर्शनी में भी भाग ले चुके हैं। उनकी छायाचित्र श्रृंखला का चयन प्रख्यात छायाकार विनीत वोहरा की प्रतिष्ठित मास्टरक्लास के शीर्ष पोर्टफोलियो में किया गया है। उनके कार्य विभिन्न ऑनलाइन फोटोग्राफी मंचों पर भी प्रदर्शित हो चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ एक फोटोग्राफी परियोजना में भी सहयोग किया है।
उनके छायाचित्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रदर्शनियों में प्रदर्शित हो चुके हैं तथा कई प्रतिष्ठित समूह प्रदर्शनियों के लिए भी चयनित किए गए हैं। यह एकल प्रदर्शनी उनके रचनात्मक कार्यों को व्यापक दर्शक वर्ग के सामने प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी। भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग ने कला एवं छायाचित्र प्रेमियों के साथ-साथ आम नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने और युवा छायाकार हिमांशु वर्मा की रचनात्मक अभिव्यक्तियों से परिचित होने का आग्रह किया है





















