
भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पहलगाम हमला मामले में पूरक आरोप पत्र दाख़िल किया है. एनआईए के एक्स हैंडल पर जारी बयान पर कहा, पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख और संस्थापक हाफ़िज़ सईद और प्रॉक्सी संगठन द रेज़िस्टेंस फ़्रंट (टीआरएफ़) के ख़िलाफ़ पूरक आरोप पत्र दाख़िल किया गया है.
जांच एजेंसी ने बताया कि यह पूरक आरोप पत्र जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत में दाख़िल किया गया है. इसमें हाफ़िज़ सईद पर व्यक्तिगत हैसियत के साथ-साथ प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख और उनके सक्रिय सहयोगी संगठन द रेज़िस्टेंस फ़्रंट के प्रमुख के रूप में भी आरोप लगाए गए हैं.

एनआईए के मुताबिक़, आरोप पत्र में हाफ़िज़ सईद के ख़िलाफ़ भारत के ख़िलाफ़ जंग छेड़ने और सीमा पार से साज़िश रचने से जुड़ी दंडात्मक धाराएं भी शामिल की गई हैं. एनआईए का कहना है कि 1,597 पन्नों के मूल आरोप पत्र के क्रम में दाख़िल किए गए इस पूरक आरोपपत्र में पाकिस्तान की कथित साज़िश, हाफ़िज़ सईद की कथित भूमिका और मामले में जुटाए गए सबूतों का ब्योरा शामिल है. एजेंसी के मुताबिक, ये सबूत वैज्ञानिक जांच और ज़मीनी जांच के दौरान जुटाए गए हैं.





















