

प्रविष्टि तिथि: 29 JUL 2026 12:17PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 153वीं तिमाही समीक्षा बैठक कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) एवं समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री पवन कुमार की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री सौमिक डे तथा उप महाप्रबंधक (प्रभारी राजभाषा) श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित थे, जबकि समस्त कार्यपालक निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक, विभाग प्रमुख एवं विभागीय हिंदी समन्वय अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।


बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक प्रभारी श्री अमूल्य प्रियदर्शी ने कार्यपालक निदेशक श्री पवन कुमार का स्वागत किया। इसके उपरांत उप महाप्रबंधक श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग ने स्वागत भाषण देते हुए आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाले ‘राजभाषा पखवाड़ा’ की प्राथमिक रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से हिंदी में कार्यालयीन कामकाज को प्रोत्साहन की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विभाग प्रमुखगण से राजभाषा पखवाड़ा को सफल बनाने का निवेदन किया।

बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष श्री पवन कुमार ने कहा कि कि हिंदी में कार्य करने में प्रत्येक कार्मिक की भागीदारी सुनिश्चित करना हम सबका दायित्व है। आगामी दिनों में भिलाई इस्पात संयंत्र की पत्रिका ‘भिलाई भाषा भारती’ तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग की पत्रिका ‘महानदी’ का प्रकाशन किया जाना है, साथ ही राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन किया जाना है, उन्होंने सभी विभागप्रमुखों से इन पत्रिकाओं के लिए अधिकाधिक रचनाएँ प्रेषित करने तथा राजभाषा पखवाड़ा में अधिक से अधिक प्रतिभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष उल्लेख के साथ उन विभागों से हिंदी में पत्राचार का प्रतिशत बढाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने की बात कही जिन विभागों में हिंदी में पत्राचार का प्रतिशत कम है। उन्होंने हिंदी में कार्यालयीन कार्यों में कठिनाई होने की स्थिति में राजभाषा विभाग से सहज संपर्क कर कठिनाई दूर करने तथा वर्तमान दौर में टेक्नोलॉजी की सहायता से ऑनलाइन वॉइस टायपिंग के द्वारा हिंदी में कार्य करने की बात कही।
बैठक के अंतिम चरण में उप प्रबंधक श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने विगत बैठक की कार्यसूची का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, तत्पश्चात आगामी तिमाही की कार्यसूची का वाचन कर शत-प्रतिशत हिंदी में पत्राचार करने वाले विभागों का उल्लेख कर आगामी तिमाही की कार्यसूची का वाचन तथा आभार प्रदर्शन किया।
*********





















