

प्रविष्टि तिथि: 28 JUL 2026 6:20PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र की बार एवं रॉड मिल ने संविदा कर्मियों तथा उनके परिवारजनों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘घर से घर तक’ सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास केन्द्र के सभागार में किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल, घर से कार्यस्थल तक के आवागमन तथा पारिवारिक जीवन में सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देते हुए सुरक्षा संस्कृति को परिवार तक विस्तार देना था। कार्यक्रम में लगभग 80 संविदा कर्मियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (बार एवं रॉड मिल एवं यूनिवर्सल रेल मिल) योगेश शास्त्री थे।

योगेश शास्त्री ने कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जिम्मेदार कार्यसंस्कृति और सकारात्मक सोच का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि जब परिवार के सदस्य भी सुरक्षित कार्य व्यवहार के लिए प्रेरित करते हैं, तब कर्मचारी अधिक जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करता है। उन्होंने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट–पीपीई) के नियमित उपयोग, कार्यस्थल पर मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा क्रेन संचालन सहित सभी औद्योगिक गतिविधियों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने पर बल देते हुए ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।

इस अवसर पर बार एवं रॉड मिल के महाप्रबंधक (प्रचालन) शाश्वत मोहंती, महाप्रबंधक (प्रचालन) समीर पाण्डेय तथा महाप्रबंधक (विद्युत) तुषार श्रीखंडे ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को कार्यस्थल, घर तथा आवागमन के प्रत्येक चरण में समान प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है। सुरक्षित व्यवहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान कारखाने में संभावित जोखिमों, असुरक्षित कार्य व्यवहार, दुर्घटनाओं के कारणों तथा उनके प्रभावी निवारण के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। सहायक प्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी शशांक शर्मा ने सुरक्षा प्रश्नोत्तरी का संचालन किया। प्रश्नोत्तरी में वास्तविक कार्यस्थल की परिस्थितियों को चित्रों और उदाहरणों के माध्यम से प्रस्तुत कर प्रतिभागियों को संभावित सुरक्षा जोखिमों की पहचान तथा उनके सुरक्षित समाधान की जानकारी दी गई।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ज्ञानी साहू, सरस्वती गुप्ता, सौम्या कश्यप, योगिता साहू, दिलेश्वरी देवांगन, झामिन साहू, शदफ, रत्ती देवांगन तथा बच्चों पल्लवी, आरोही, चारुल, ममता और किरण को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सहायक महाप्रबंधक (बार एवं रॉड मिल) सुनील कुमार सोनी ने किया।





















