

17 से 21 नवंबर तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन; सुरक्षित कार्यप्रणालियों और व्यवहार-आधारित सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने की पहल
कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यस्थल पर दुर्घटना रोकथाम और सामूहिक सुरक्षा जिम्मेदारी को मिलेगा बढ़ावा
प्रविष्टि तिथि: 17 NOV 2026 5:57PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र के इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग में 17 से 21 नवंबर तक सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देना, व्यवहार-आधारित सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करना तथा ‘शून्य हानि’ (जीरो हार्म) के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।


सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (ए एंड डी) श्री बी. मधु पिल्लई ने किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (टेलीकॉम) श्री एच. आर. सिरमौर, महाप्रबंधक (ए एंड डी) श्री उदय भगत, महाप्रबंधक प्रभारी (एसईडी) श्री संजय अग्रवाल तथा सहायक महाप्रबंधक (आरसीएल) श्री दिवाकर सिरमौर उपस्थित रहे। इस अवसर पर इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग के महाप्रबंधक श्री ए. एम. डैनी, श्री जी. के. कुंडू, सुश्री सिम्मी गोस्वामी, श्री रजनीश जैन और श्री जोसेफ एम. जॉय सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद थे।

सुरक्षा सप्ताह के दौरान कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रंगोली, नारा लेखन, पोस्टर निर्माण, नाटक एवं लघु नाटिका, सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, समूह चर्चा, सुरक्षा भाषण और कविता जैसी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इनके माध्यम से संभावित कार्यस्थलीय जोखिमों की पहचान, दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित अनुरक्षण प्रक्रियाओं तथा व्यक्तिगत एवं सामूहिक सुरक्षा दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

औद्योगिक प्रक्रियाओं की निगरानी एवं नियंत्रण, उपकरणों के सुरक्षित संचालन और असामान्य परिस्थितियों की समय रहते पहचान में इंस्ट्रूमेंटेशन एवं ऑटोमेशन प्रणालियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में इन प्रणालियों के संचालन और अनुरक्षण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रक्रियाओं का पालन तथा सतर्कता बेहद आवश्यक है। सुरक्षा सप्ताह के माध्यम से कर्मचारियों को न केवल अपनी, बल्कि अपने सहकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का समन्वय इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग के महाप्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री राकेश वर्मा ने किया। यह आयोजन संयंत्र में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार विकसित करने, सुरक्षित कार्यसंस्कृति को संस्थागत स्वरूप देने तथा ‘शून्य हानि’ के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों को गति देने की महत्वपूर्ण पहल है।








