

राजनांदगांव और जगदलपुर में 17 से 19 नवंबर तक लगेंगे शिविर, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तत्काल होगा अद्यतन
प्रविष्टि तिथि: 17 NOV 2026 5:51PM by PIB Raipur
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस) के पेंशनधारकों की सुविधा के लिए राजनांदगांव और जगदलपुर में विशेष डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) अद्यतन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पेंशनर एसोसिएशन, मजदूर यूनियनों और स्थानीय पेंशनधारकों की मांग पर इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के संयुक्त तत्वावधान में इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पेंशनधारकों को अपने जीवन प्रमाण पत्र के सत्यापन और अद्यतन की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इस कार्य के लिए रायपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय नहीं आना पड़े।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राजनांदगांव में 17 और 18 नवंबर को लेबर कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन, दशहरा मैदान, तुलसीपुर रोड में शिविर लगाया जाएगा। वहीं, जगदलपुर के मुख्य डाकघर में 18 और 19 नवंबर को विशेष शिविर आयोजित होगा। दोनों स्थानों पर शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर में आधार आधारित बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली के माध्यम से पेंशनधारकों का डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार एवं अद्यतन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत जीवन प्रमाण पत्र का डिजिटल सत्यापन तत्काल किया जा सकेगा। शिविर में आने वाले पेंशनधारकों को अपना आधार कार्ड, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर, बैंक खाते का विवरण और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा।
ईपीएफओ ने बताया कि जो पेंशनधारक किसी कारणवश इन शिविरों में शामिल नहीं हो सकेंगे, वे अपने नजदीकी डाकघर, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अपनी पेंशन प्राप्त करने वाली बैंक शाखा के माध्यम से भी ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र अद्यतन करा सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी आधिकारिक पोर्टल https://ipension.nic.in/dlcportal/ पर उपलब्ध है।
ईपीएफओ, रायपुर ने सभी पेंशनधारकों से विशेष शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने और समय पर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अद्यतन कराने की अपील की है, ताकि उनकी मासिक पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके








