

डॉ. गिरीश पंकज ने भाषा की अभिव्यक्तिगत क्षमता और शब्दों की बहुआयामी सामर्थ्य पर दिया व्याख्यान
कार्यालयीन कार्यों में सरल, सहज एवं प्रभावी हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर
प्रविष्टि तिथि: 17 NOV 2026 5:48PM
हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन तथा शासकीय कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यालय संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा, छत्तीसगढ़, रायपुर में सोमवार को हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रख्यात वरिष्ठ साहित्यकार, कवि एवं व्यंग्यकार डॉ. गिरीश चन्द्र उपाध्याय ‘गिरीश पंकज’ मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला का विषय ‘एक शब्द अनेक अंदाज हिंदी में अभिव्यक्ति की रचनात्मकता’ रहा।

अपने व्याख्यान में डॉ. गिरीश पंकज ने हिंदी भाषा की अभिव्यक्तिगत विविधता, शब्दों की सामर्थ्य और उनके रचनात्मक प्रयोग के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि एक ही शब्द का प्रयोग अलग-अलग संदर्भों, भावों और परिस्थितियों में किस प्रकार भिन्न अर्थ एवं प्रभाव उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विचारों, भावनाओं और सृजनात्मकता को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करने का सशक्त साधन भी है।

उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में सरल, सहज, स्पष्ट और प्रभावी हिंदी के प्रयोग पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दैनिक कार्यप्रणाली में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हिंदी की सहजता, रोचकता और व्यापक अभिव्यक्ति क्षमता को रेखांकित करते हुए भाषा के व्यावहारिक एवं रचनात्मक प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला में कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों को हिंदी भाषा के रचनात्मक प्रयोग, प्रभावी अभिव्यक्ति और कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं। कार्यक्रम के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन तथा अधिकारियों-कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यशाला का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान मुख्य वक्ता डॉ. गिरीश पंकज के प्रति उनके प्रेरणादायी विचारों एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद दिया गया।
*****
आरडीजे/बीकेटी








