

‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर 1 नवंबर तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम
पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने पर जोर
प्रविष्टि तिथि: 27 OCT 2026 5:00pm
एनटीपीसी सीपत में मंगलवार को सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर एनटीपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री गुरदीप सिंह का सतर्कता संदेश परियोजना प्रमुख श्री विजय शंकर दुबे ने पढ़कर सुनाया। संदेश में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को संगठन की प्रगति तथा राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए सभी कर्मचारियों से अपने कार्यों में नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री सुरोजीत सिन्हा ने एनटीपीसी लिमिटेड की मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती रश्मिता झा का संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश में सत्यनिष्ठा एवं नैतिक आचरण के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने और निवारक सतर्कता को कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी की शपथ दिलाई गई। कर्मचारियों को सतर्कता संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करने और भ्रष्टाचार की रोकथाम के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से विजिलेंस क्विज का भी आयोजन किया गया।

उल्लेखनीय है कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के तहत मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) श्री विकास खरे, प्रमुख (मानव संसाधन) श्री भक्त वत्सल पात्रा, विभागाध्यक्ष (सतर्कता) श्री कुंदन राठौड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। सभी ने भ्रष्टाचार के उन्मूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।








