

मैकेनिकल संगठन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने क्रय एवं क्रियान्वयन प्रक्रियाओं की चुनौतियों पर किया विचार-मंथन
प्रविष्टि तिथि: 07 SEP 2026 5:29PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के सतर्कता विभाग ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के पूर्व चलाए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत 5 सितंबर 2026 को मैकेनिकल संगठन के लिए ‘सतर्कता संवाद’ का आयोजन किया। कार्यक्रम केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा निर्धारित वर्ष 2026 की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर आधारित था।


कार्यक्रम की अध्यक्षता भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं अतिरिक्त मुख्य सतर्कता अधिकारी सुनील सिंगल तथा मुख्य महाप्रबंधक (मैकेनिकल) विवेक वर्मा ने की। सत्र का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) मो. नौशाद आलम एवं उप महाप्रबंधक (सतर्कता) नवनीत शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में मैकेनिकल संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 20 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान क्रय एवं कार्यों के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न चुनौतियों पर व्यापक विचार-मंथन किया गया। संबंधित क्षेत्रों में सामने आने वाली अनियमितताओं पर आधारित केस स्टडी पर चर्चा की गई। साथ ही, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन के दौरान अधिकारियों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके संभावित समाधान पर भी विचार-विमर्श हुआ।
प्रतिभागियों ने कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ करने, प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने तथा दैनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अपने सुझाव साझा किए। चर्चा के दौरान प्रक्रियागत कमियों की पहचान तथा अनियमितताओं की रोकथाम के लिए प्रभावी उपायों पर भी जोर दिया गया।
‘सतर्कता संवाद’ ने सतर्कता अधिकारियों और परिचालन अधिकारियों के बीच खुले एवं रचनात्मक संवाद के लिए प्रभावी मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में जमीनी स्तर की व्यावहारिक चुनौतियों, प्रक्रियागत सुधारों तथा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा हुई। यह पहल भिलाई इस्पात संयंत्र में निवारक सतर्कता, पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।
***
आरडीजे/बीकेटी/आरएस





















