
कारीगरों से सीधे संवाद कर उत्पादन, गुणवत्ता और सुविधाओं की ली जानकारी; उत्पादन क्षमता बढ़ाने, गुणवत्ता सुधारने और कारीगरों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

Raipur chhattisgarh VISHESH / ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्री राजेश सिंह राणा ने आज छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित खादी उत्पादन केंद्र, कुँवरगढ़ का निरीक्षण किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राकेश पाण्डेय एवं प्रबंध संचालक श्रीमती लीना कमलेश मंडावी सहित विभाग एवं बोर्ड के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सचिव श्री राणा ने केंद्र में संचालित कताई एवं बुनाई कार्यो का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। उन्होंने कातिन एवं बुनकरों से सीधे संवाद करते हुए उनके द्वारा किए जा रहे कार्य, उत्पादन प्रक्रिया, कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों तथा उपलब्ध सुविधाओ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्हो ने कारीगरों द्वारा तैयार किए जा रहे खादी उत्पादो की गुणवत्ता एवं उत्पादन व्यवस्था का भी जायजा लिया।


सचिव महोदय ने कत्तिन एवं बुनकरों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वावलंबन, स्वरोजगार एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों के विस्तार एवं अधिक से अधिक कारीगरों को खादी गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में खादी उत्पादन को बढ़ावा देने, उत्पादन क्षमता में वृद्धि, उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा विपणन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कारीगरों को आधुनिक सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बोर्ड के अध्यक्ष श्री राकेश पाण्डेय एवं प्रबंध संचालक श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने सचिव श्री राणा को केंद्र में संचालित गतिविधियों, खादी उत्पादन की वर्तमान स्थिति तथा कारीगरों के हित में बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यो की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान खादी उत्पादन केंद्र कुँवरगढ़ को सुदृढ़ करने तथा खादी एवं ग्रामोद्योग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।






















