




उड़ीसा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी एवं केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू की उपस्थिति में भुवनेश्वर में आयोजित सम्मेलन में डिजिटल तकनीक, सुरक्षित परिवहन और टिकाऊ शहरी विकास पर मंथन
भुवनेश्वर, 24 अक्टूबर 2026। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने भुवनेश्वर में आयोजित 19वीं अर्बन मोबिलिटी इंडिया (UMI) कॉन्फ्रेंस एवं एग्जीबिशन 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। कार्यक्रम में उड़ीसा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी, राज्य के आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं परिवहन विशेषज्ञ उपस्थित रहे। तीन दिवसीय सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। इस वर्ष की थीम ‘डिजिटल युग में शहरी सुगमता और जीवन सुगमता’ है।

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल शहरी परिवहन विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शहरी परिवहन व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और दिव्यांगजन सुरक्षित एवं सम्मानजनक तरीके से आवागमन कर सकें।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क था, जो अब 26 शहरों में 1,185 किलोमीटर से अधिक हो चुका है। लगभग 998 किलोमीटर नई मेट्रो लाइनों पर कार्य जारी है। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC), क्यूआर आधारित टिकटिंग और डिजिटल भुगतान से यात्राएं अधिक सुविधाजनक हो रही हैं।
श्री साहू ने पीएम ई-बस सेवा को प्रदूषण कम करने, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को शहरी परिवहन एवं बुनियादी ढांचे के विकास के लिए वित्तीय और तकनीकी सहयोग प्रदान कर रही है।
उड़ीसा की ‘अमा बस’ सेवा की सराहना करते हुए उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों, लाइव ट्रैकिंग, डिजिटल पास और महिला सुरक्षा संबंधी सुविधाओं को बेहतर सार्वजनिक परिवहन का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भारत का डिजिटल एवं टिकाऊ मोबिलिटी मॉडल वैश्विक दक्षिण के देशों के लिए भी मार्गदर्शक बन सकता है।
श्री साहू ने विश्वास जताया कि सम्मेलन में होने वाले विचार-विमर्श और नवाचारों से शहरों को अधिक सुगम, समावेशी एवं हरित बनाने के प्रभावी समाधान सामने आएंगे तथा शहरी परिवहन देश की आर्थिक प्रगति और सामाजिक समानता को नई गति देगा।








