

कैट.सी.जी.चैप्टर.प्रे.वि.क्र./02/09/2026-27 दिनांकः- 02.09.2026
’एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद” बना ऐतिहासिक पहल, प्रदेशभर में व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच हुआ सीधा संवाद

आयकर मुख्य आयुक्त श्री संजीव ने व्यापारियों को दिया भरोसा – नोटिस से घबराएं नहीं, विभाग आपके लिए मित्र एवं मार्गदर्शक
“व्यापारी कर संवाद” से मजबूत हुआ व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच विश्वास का सेतु – पारवानी
Raipur chhattisgarh VISHESH / देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन श्री जितेन्द्र दोशी, श्री विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन श्री सुरिन्दर सिंह, श्री जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेन्द्र जग्गी, श्री वासु माखीजा, श्री राम मंधान, श्री भरत जैन, श्री राकेश ओचवानी एवं श्री शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि छत्तीसगढ़ के व्यापारिक इतिहास में एक अभिनव एवं महत्वपूर्ण पहल के रूप में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT ) छत्तीसगढ़ एवं आयकर विभाग द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ कार्यक्रम आज “एक प्रदेश- एक दिन- एक संवाद” की संकल्पना के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ अभूतपूर्व एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रदेशभर में आयोजित इस विशेष संवाद में बड़ी संख्या में व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों ने सहभागिता की। विभिन्न जिलों में आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए कर संबंधी प्रावधानों, प्रक्रियाओं, अनुपालन एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया तथा व्यापारियों की जिज्ञासाओं एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया।
चार स्तंभों पर केंद्रित रहा ‘व्यापारी कर संवाद’
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चार प्रमुख स्तंभों – जानकारी, जागरूकता, मार्गदर्शन और समाधान – पर केंद्रित रहा। इन्हीं चार स्तंभों को आधार बनाकर तैयार की गई विशेष PPT प्रस्तुति के माध्यम से आयकर विभाग के अधिकारियों एवं व्यापारियों के बीच विस्तृत एवं सार्थक संवाद किया गया।
इस दौरान व्यापारियों को आयकर से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं अनुपालन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही व्यापारियों की जिज्ञासाओं, व्यावहारिक कठिनाइयों एवं कर संबंधी विषयों पर विभागीय अधिकारियों द्वारा सीधे मार्गदर्शन एवं समाधान प्रदान किया गया।
कैट प्रदेष मुख्यालय में श्री संजीव (IRS) रहे मुख्य अतिथि
CAIT प्रदेश मुख्यालय रायपुर में मुख्य आयकर आयुक्त, रायपुर श्री संजीव (IRS) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विषिष्ठ अतिथि के रूप में प्रमुख आयकर आयुक्त-1 श्री मुनीश कुमार (IRS), अतिरिक्त आयकर आयुक्त (Hqrs/TPS) श्री चिलाकला राजेश्वर रेड्डी (IRS) एवं उप आयकर आयुक्त-1(1) डॉ. गगन गिरी गोस्वामी (IRS) सहित आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य आयकर आयुक्त, रायपुर श्री संजीव (IRS) ने व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए कर व्यवस्था, जागरूकता एवं स्वैच्छिक अनुपालन के महत्व पर चर्चा की एवं कहा कि यह सिर्फ प्रथम चरण में छत्तीसगढ़ के प्रमुख जिलों में यह संवाद हुआ है। अगले चरण में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में कैट एवं आयकर विभाग मिलकर इस व्यापारी संवाद को आगे बढ़ायेगे।
CAIT एवं आयकर विभाग की इस ऐतिहासिक पहल के अंतर्गत रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी एवं जगदलपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में आयकर विभाग के संबंधित अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया। व्यापारियों को कर प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनके प्रश्नों और जिज्ञासाओं पर सीधे चर्चा की गई।
व्यापारी और विभाग के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम – अमर पारवानी
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता एवं सकारात्मक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल है।
अमर पारवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार एक ही दिन प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ आयोजित यह अभियान अपने आप में एक अनूठा मॉडल है। इससे व्यापारियों को विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला और कर व्यवस्था को लेकर उनकी जिज्ञासाओं एवं व्यावहारिक विषयों पर खुलकर चर्चा हुई।
श्री पारवानी ने कहा कि व्यापारी और सरकार एक-दूसरे के सहयोगी हैं। जब व्यापारी को नियमों की सही और सरल जानकारी मिलेगी तथा विभाग व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं को समझेगा, तो इससे स्वैच्छिक कर अनुपालन बढ़ेगा और प्रदेश के व्यापारिक वातावरण में और अधिक विश्वास एवं पारदर्शिता आएगी।
व्यापारियों ने पहल का किया स्वागत
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों ने CAIT एवं आयकर विभाग की इस अभिनव पहल का स्वागत करते हुए इसे व्यापारी एवं विभाग के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बताया।
व्यापारियों ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से कर संबंधी विषयों को समझने में आसानी होती है तथा विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी जिज्ञासाएं एवं व्यावहारिक समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिलता है।
CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन ने कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रदेशभर के व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में व्यापारियों की सहभागिता ने इस पहल को सफल बनाया है।
उन्होंने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ की अभूतपूर्व सफलता यह दर्शाती है कि व्यापारी समुदाय और विभागों के बीच प्रत्यक्ष एवं सकारात्मक संवाद की आवश्यकता है और ऐसे प्रयास भविष्य में भी कैट छत्तीसगढ़ इसके लिए निरंतर प्रयास करते रहेगा।
“जागरूक व्यापारी – मजबूत अर्थव्यवस्था – सशक्त छत्तीसगढ़”
CAIT ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ की यह पहल व्यापारी एवं आयकर विभाग के बीच संवाद और सहयोग की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में भी व्यापारियों की कर संबंधी जागरूकता एवं सुविधा के लिए ऐसे संवादात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा।
कैट प्रदेष मुख्यालय में इस व्यापारी कर संवाद कार्यक्रम का संचालन कैट के प्रदेष महामंत्री श्री अवनीत सिंह ने किया। एवं आभार प्रकट सीए मुकेष मोटवानी ने किया।
इस अवसर पर सैकडो व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एंव बडी संख्या व्यापारीगण उपस्थित रहे।
धन्यवाद
अवनीत सिंह
प्रदेश महामंत्री
कैट, छत्तीगसढ़
9575561000





















