

Raipur chhattisgarh VISHESH / नवागढ़। किसानों की सुविधा और धान खरीदी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल जी के नेतृत्व में विभाग ने किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए अधिक सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 एवं आगामी खरीफ विपणन वर्षों के लिए 354 नवीन धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति प्रदान की है।
मंत्री श्री दयाल दास बघेल जी के विभाग से जुड़े इस महत्वपूर्ण निर्णय को किसानों के हित में बड़ा कदम माना जा रहा है। नए धान खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को दूर-दराज के केंद्रों तक अपनी उपज ले जाने की परेशानी कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिल सकेगी।

बेमेतरा जिले को भी इस निर्णय का महत्वपूर्ण लाभ मिला है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पिपरिया, कंदई, सांकरा, भाठासोरही, गांगपुर, लालपुर, बटार, करचुवा, मजगवां, एरमशाही, तेंदू सहित अनेक स्थानों पर नवीन धान उपार्जन केंद्र स्वीकृत किए गए हैं।
नवागढ़ क्षेत्र के किसानों के लिए भी विशेष राहत दी गई है। यहां पुटपुरा, ठेंगा भाठ, बाघुल, नांदल, गाड़ामोर और तोरा सहित कई स्थानों पर नए धान खरीदी केंद्र स्वीकृत हुए हैं।
किसानों की सुविधा को बनाया प्राथमिकता
मंत्री श्री दयाल दास बघेल जी के विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नवीन केंद्रों का चयन किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया जाए। जहां मंडी अथवा उपमंडी प्रांगण उपलब्ध हैं, उनका उपयोग धान खरीदी के लिए करने, पर्याप्त समतल एवं ऊंची भूमि, धान के सुरक्षित रख-रखाव के लिए पर्याप्त स्थान तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही नए केंद्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी, बिजली एवं प्रकाश, पेयजल तथा किसानों की सुगम पहुंच के लिए रास्ते की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
साय सरकार का किसान हित में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व और खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल जी की जिम्मेदारी वाले खाद्य विभाग की इस पहल से प्रदेश में धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक किसान-केंद्रित बनाने का प्रयास किया गया है। 354 नए केंद्रों की स्वीकृति इस बात का संकेत है कि साय सरकार किसानों की सुविधा को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखकर उसे जमीनी स्तर पर लागू करने पर जोर दे रही है।
क्षेत्र के किसानों के लिए यह निर्णय इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अब उन्हें अपनी मेहनत की उपज बेचने के लिए अधिक नजदीकी केंद्र उपलब्ध होंगे। किसानों ने इस निर्णय को किसान हित में साय सरकार की बड़ी सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी एवं खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल जी के प्रति आभार व्यक्त किया।





















