







‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का समापन
राजनांदगांव, 25 अगस्त 2026। केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा शासकीय दिग्विजय स्वशासी महाविद्यालय, राजनांदगांव में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हुआ। 24 एवं 25 अगस्त को आयोजित यह कार्यक्रम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का संदेश दिया गया।

मादक पदार्थों की तस्करी और नियंत्रण की दी जानकारी
कार्यक्रम के दूसरे दिन मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी), रायपुर के अधीक्षक श्री अनिल कुमार ने मादक पदार्थों की तस्करी, नियंत्रण और नशे के दुष्परिणामों पर पीपीटी प्रस्तुति दी। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाव में उनकी भूमिका तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने नशामुक्ति से संबंधित मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में भी बताया।
विद्यार्थियों ने नशे, मादक पदार्थों की तस्करी, इसके दुष्परिणाम और बचाव से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। श्री अनिल कुमार ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान किया और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक एवं सतर्क रहने का आह्वान किया।
निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण, युवाओं की भूमिका और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपनी विचारशीलता एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। सक्रिय रूप से भाग लेने वाले विद्यार्थियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एस. आर. कनोजे, सामाजिक कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, ब्रह्माकुमारी केंद्र के प्रतिनिधि, प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
दो दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।





















