
प्रविष्टि तिथि: 22 APR 2026 6:28PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल विभाग में ठेका श्रमिकों के बीच सुरक्षा जागरूकता और सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “सुरक्षा बंधन” पहल का शुभारंभ किया गया। विभागाध्यक्ष एवं मुख्य महाप्रबंधक योगेश शास्त्री ने इस विशेष सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

यह पहल कार्यस्थल पर जमीनी स्तर पर कार्यरत श्रमिकों को विभागीय प्रबंधन के साथ प्रत्यक्ष संवाद का मंच उपलब्ध कराएगी, जिसके माध्यम से वे कार्यस्थल की वास्तविक परिस्थितियों, व्यावहारिक चुनौतियों तथा सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर अपने सुझाव और अनुभव साझा कर सकेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान कर उनके त्वरित निराकरण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना तथा कार्यस्थल को अधिक सुरक्षित बनाना है।

मुख्य महाप्रबंधक योगेश शास्त्री ने श्रमिकों से संवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मी के लिए स्वयं की सुरक्षा सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इसके साथ ही सहकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों की पहचान कर उनमें निरंतर सुधार करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रति जिम्मेदारी और अपनत्व का भाव सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने सभी श्रमिकों से अनुशासित एवं सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाते हुए “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधन की ओर से श्रमिकों को आश्वस्त किया गया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक संसाधन और सहयोग निरंतर उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग ने यह भी निर्णय लिया है कि “सुरक्षा बंधन” कार्यक्रम का आयोजन अब नियमित रूप से सप्ताह में दो बार किया जाएगा, ताकि सुरक्षा जागरूकता को सतत मजबूत किया जा सके और कार्यस्थल पर विश्वास एवं सहभागिता का वातावरण विकसित हो।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य महाप्रबंधक योगेश शास्त्री ने कहा कि “सुरक्षा बंधन” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने इस पहल को यूनिवर्सल रेल मिल विभाग में मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
*****





















