
बैठक में 39 राजनीतिक पार्टियों के 51 नेता शामिल हुए
प्रविष्टि तिथि: 27 JAN 2026 7:34PM by PIB Delhi
आज (27 जनवरी, 2026) संसद भवन परिसर, नई दिल्ली में रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संसद के आगामी बजट सत्र, 2026 से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई। यह बैठक केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू द्वारा आयोजित की गई थी। इस बैठक में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, जो राज्यसभा के सदन के नेता भी हैं, भी उपस्थित थे। इसके अलावा, केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल तथा केंद्रीय संसदीय कार्य और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन भी बैठक में शामिल हुए। कुल मिलाकर, इस बैठक में मंत्रियों सहित 39 राजनीतिक पार्टियों के 51 नेताओं ने भाग लिया।


रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने प्रारंभिक टिप्पणी की और बैठक में भाग ले रहे सभी नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद, संसदीय कार्य मंत्री ने बैठक का संचालन किया। उन्होंने नेताओं को सूचित किया कि संसद का बजट सत्र, 2026; बुधवार, 28 जनवरी, 2026 से प्रारंभ होगा और सरकारी कार्य की आवश्यकताओं के अधीन, इस सत्र का समापन गुरुवार, 2 अप्रैल, 2026 को हो सकता है। इस अवधि के दौरान दोनों सदनों को 13 फरवरी, 2026 शुक्रवार को अवकाश के लिए स्थगित किया जाएगा और 9 मार्च, 2026 सोमवार को पुनः सत्र शुरू होगा, ताकि स्थायी समितियों को विभिन्न मंत्रालयों/विभागों के अनुदान की मांगों की जांच करने और उस पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके। इस सत्र में 65 दिनों की अवधि के दौरान कुल 30 बैठकें (पहले भाग में 13 बैठकें और दूसरे भाग में 17 बैठकें) आयोजित की जायेंगी।





















