

प्रविष्टि तिथि: 04 DEC 2025 6:20PM by PIB Raipur
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (AIIMS) रायपुर ने इंडियन सोसायटी ऑफ एनेस्थिसियोलॉजिस्ट्स के राष्ट्रीय सम्मेलन में अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता, नैदानिक नेतृत्व और प्रशिक्षण क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। संस्थान द्वारा आयोजित उच्च स्तरीय प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाओं ने देशभर के एनेस्थिसियोलॉजी पेशेवरों को कौशल-विकास और व्यवहारिक दक्षता से सशक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

ये कार्यशालाएँ—रीजनल एनेस्थीसिया (बेसिक), रीजनल एनेस्थीसिया (एडवांस्ड), पेरिओपरेटिव पॉइंट ऑफ केयर अल्ट्रासाउंड (POCUS) तथा एनेस्थिसियोलॉजिस्ट्स के लिए सिमुलेशन—प्रोफेसर डॉ. सुभ्रता कुमार सिंघा, विभागाध्यक्ष, एनेस्थिसियोलॉजी एवं सेक्रेटरी, साइंटिफिक कमेटी के दूरदर्शी नेतृत्व में संपन्न हुईं। कार्यशालाओं के संचालन में डॉ. मयंक कुमार, सेक्रेटरी, वर्कशॉप कमेटी ने महत्वपूर्ण समन्वयकारी भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की सहभागिता ने इन कार्यशालाओं को और अधिक ज्ञानसमृद्ध बनाया। रीजनल एनेस्थीसिया कार्यशालाओं में कैडैवरिक प्रदर्शन ने प्रतिभागियों को वास्तविक एनाटॉमिकल संरचनाओं और प्रक्रियात्मक कौशलों की सटीक समझ प्रदान की। एआईआईएमएस रायपुर ने कैडैवरिक प्रशिक्षण को संभव बनाने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रोफेसर डॉ. सौमित्रा त्रिवेदी तथा एनाटॉमी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
POCUS कार्यशाला में प्रतिभागियों को एयरवे, फेफड़ों, कार्डियक विंडो, गैस्ट्रिक मूल्यांकन और FAST परीक्षा की व्यापक व्यवहारिक स्कैनिंग का अवसर मिला। वहीं सिमुलेशन कार्यशाला में संकट प्रबंधन कौशल, संचार क्षमता और परिदृश्य-आधारित प्रशिक्षण पर केंद्रित सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने कार्यशालाओं की सुव्यवस्थित संरचना और क्लिनिकल दक्षता पर विशेष फोकस की सराहना की।
एआईआईएमएस रायपुर के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विविध शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ दर्ज कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। गोल्डकॉन क्विज़, के ओ पी एस अवॉर्ड्स और डिज़ीनर्व क्विज़ में शीर्ष सम्मान प्राप्त किए गए, जबकि कई रेजिडेंट्स ने शोध-पत्र, पोस्टर और विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी शैक्षणिक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
एआईआईएमएस रायपुर के एग्ज़िक्यूटिव डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने प्रोफेसर डॉ. सिंघा और एनेस्थिसियोलॉजी विभाग को राष्ट्रीय प्रभाव वाली कार्यशालाओं का सफल आयोजन करने के लिए बधाई दी। उन्होंने उच्च-गुणवत्ता वाले कौशल-उन्मुख प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए संपूर्ण फैकल्टी टीम की प्रतिबद्धता और समर्पण की प्रशंसा की।








