








** तहसील साहू संघ लोरमी द्वारा आयोजित ‘एक दिवसीय परिवार संस्कार कार्यशाला’ को संबोधित करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने कहा कि संस्कारवान परिवार ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने आयोजन के लिए संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
श्री साहू ने कहा कि परिवार बच्चों की पहली पाठशाला है। माता कर्मा की भक्ति एवं सेवा, दानवीर भामाशाह के त्याग और माता राजिम की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेकर हमें अपने जीवन में संस्कारों को अपनाना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और वित्तीय जागरूकता पर ध्यान देने तथा नशे एवं डिजिटल भटकाव से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही, सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची से बचने, पौधारोपण को बढ़ावा देने और समाज में एकता एवं समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को धन-संपत्ति के साथ संस्कारों और उच्च सामाजिक मूल्यों की विरासत देना हम सभी का दायित्व है।








