



राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर की राजभाषा समिति द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री निकेश कुमार पांडेय, सदस्य सचिव, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर एवं राजभाषा अधिकारी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. संजय कुमार, डॉ. शारदा नंदन राव एवं डॉ. विकास कुमार विद्यार्थी, प्रभारी, राजभाषा समिति के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला में संस्थान के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. संजय कुमार ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में उभरती तकनीकों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के साथ-साथ राजभाषा हिंदी का संरक्षण, संवर्धन एवं प्रयोग भी अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य अतिथि श्री पांडेय ने अपने संबोधन में हिंदी कार्यशालाओं के नियमित आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राजभाषा का प्रयोग केवल प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संवैधानिक प्रावधानों एवं कानूनी दायित्वों से जुड़ा विषय है। उन्होंने 14 सितंबर 1949 को हिंदी को राजभाषा के रूप में अपनाए जाने, हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा के आयोजन तथा संविधान और राजभाषा अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में द्विभाषी दस्तावेजों एवं पत्राचार के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक दक्षता और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. संजय कुमार ने मुख्य अतिथि श्री निकेश कुमार पांडेय को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।








