








बिल्हा। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम परसदा स्थित सामुदायिक भवन में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया। ‘मन की बात’ का 138वां संस्करण 27 सितंबर 2026 को प्रसारित हुआ।
इस अवसर पर श्री तोखन साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से संवाद करते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों और जनभागीदारी को सामने लाते हैं। यह कार्यक्रम नागरिकों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करता है।

आंगन मिलन उत्सव में सेवा एवं जनभागीदारी का संदेश
इसके पश्चात श्री तोखन साहू ने ग्राम परसदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में आयोजित ‘आंगन मिलन उत्सव’ में सहभागिता की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिन बहनों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की हितग्राही माताओं-बहनों का सम्मान किया।
श्री साहू ने बच्चों के साथ न्यौता भोज में सहभागिता की और उन्हें खिलौने वितरित किए। उन्होंने ‘एक आंगनबाड़ी–एक मुनगा पेड़’ पहल के तहत पौधरोपण भी किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और समग्र विकास के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा इसमें समाज की सहभागिता से सकारात्मक परिणामों को और मजबूत किया जा सकता हैl





















