





रायपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रथम वार्षिक सम्मेलन एवं आमसभा में सहभागिता की। संघ के वर्तमान कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सम्मेलन में प्रदेशभर से पदाधिकारी, आजीवन सदस्य एवं सामाजिक प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। सम्मेलन में पिछले एक वर्ष के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
श्री साहू ने कहा कि सामाजिक संगठन की मजबूती के लिए एकता, संवाद, परिवार संस्कार और नई पीढ़ी का मार्गदर्शन आवश्यक है। उन्होंने समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने और प्रत्येक परिवार को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।

सम्मेलन में संगठन के आय-व्यय विवरण एवं वित्तीय प्रतिवेदन की प्रस्तुति तथा एकीकृत नियमावली में प्रस्तावित संशोधनों पर चर्चा हुई। साथ ही परिवार संस्कार कार्यशालाओं को गांव-गांव और परिवार-परिवार तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। परिवार में संवाद, बच्चों में संस्कार, बुजुर्गों के सम्मान, युवाओं के मार्गदर्शन और सामाजिक एकता को मजबूत करना अभियान के प्रमुख विषयों में शामिल हैं।
श्री तोखन साहू ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए संगठनात्मक अनुशासन के साथ शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सामाजिक बंधुओं के योगदान की सराहना करते हुए समाजहित के कार्यों को मिलकर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।






















