

प्रविष्टि तिथि: 30 JUL 2026 6:21PM
Raipur chhattisgarh VISHESH / सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के रॉ मैटेरियल हैंडलिंग एवं कोल्ड लिंक (आरसीएल) विभाग के 15 कार्मिकों को उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, समर्पण तथा गुणवत्ता के प्रति उल्लेखनीय प्रतिबद्धता के लिए ‘कर्म शिरोमणि’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मानव संसाधन (मैनपावर एंड यूटिलाइजेशन- एम एंड यू) विभाग द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में इन कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न तथा उनके जीवनसाथी के नाम प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।

A73J.jpeg)
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (आरसीएल) राहुल श्रीवास्तव तथा महाप्रबंधक (आरसीएल) सिद्धार्थ मुखोपाध्याय ने सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र की निरंतर प्रगति और उपलब्धियों के पीछे कर्मचारियों की प्रतिबद्धता एवं कार्यनिष्ठा सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, संतोषजनक और सकारात्मक कार्य वातावरण कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ संयंत्र की उत्पादकता और गुणवत्ता को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उन्होंने सम्मानित कार्मिकों से अपने उत्कृष्ट कार्य एवं अनुकरणीय आचरण के माध्यम से अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं महाप्रबंधकों ने भी सम्मानित कार्मिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने समर्पण, जिम्मेदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए स्वयं को योग्य सिद्ध किया है। अधिकारियों ने गुणवत्ता, अनुशासन और कार्य उत्कृष्टता की संस्कृति को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
इस अवसर पर अनिमेश घोष, संजीव कुमार, रामलखन रत्नाकर, निरंजन सिंह, नैवेधम, त्रिलोकी नाथ वर्मा, ओंकार नाथ, विजय कुमार अगाशे, प्रवीण कुमार कनौजे, राजेश कुमार चंद्राकर, ओम प्रकाश साहू, हलीम अंसारी, योगेश दिल्लीवार, त्रिलोचन प्रसाद सेन तथा प्रेम लाल चंद्राकर को ‘कर्म शिरोमणि’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में आरसीएल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अनुभाग प्रमुख तथा बड़ी संख्या में कार्मिक उपस्थित रहे। आयोजन की व्यवस्थाओं में यांत्रिकी विभाग के अनुभाग सहायक अजय मधुकर पाटिल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ प्रबंधक, मानव संसाधन (मैनपावर एंड यूटिलाइजेशन) बी. गोपाल राव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनुभाग अधिकारी, मानव संसाधन (मैनपावर एंड यूटिलाइजेशन) तनुश्री डे ने प्रस्तुत किया।





















