
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH तमिलनाडु, पीने और मिड डे मील बनाने के लिए जिस पानी का इस्तेमाल होता है, उसकी टंकी में किसी ने मानव मल मिला दिया. मामला उठने के बाद ज़िला प्रशासन ने आनन-फानन में संबंधित पानी की टंकी को ध्वस्त कर दिया है.
साथ ही प्रशासन ने पानी में मल मिलाए जाने के आरोप को भी ख़ारिज कर दिया है और पानी से दुर्गंध आने की एक नई व्याख्या पेश की है. ज़िलाधिकारी कलाइसेल्वी मोहन ने कहा, “पानी की टंकी में सड़े हुए अंडे के टुकड़े के कुछ हिस्से थे जिसकी वजह से पानी से दुर्गंध आ रही थी. इसके अलावा वहां कोई और समस्या नहीं थी.

उन्होंने कहा कि हो सकता है कि किसी कौवे ने उसे वहां डाल दिया हो. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पानी की टंकी को तोड़ दिया जाएगा.ज़िलाधिकारी के बयान के बाद अगले दिन सुबह ही पानी की टंकी को तोड़ दिया गया.
तिरुवंतवार गांव के पंचायत यूनियन मिडिल स्कूल में आसपास के 10 से अधिक गांवों के क़रीब 90 विद्यार्थी पढ़ते हैं.
21 नवंबर को कुछ छात्रों ने पानी की टंकी से पानी पीने के बाद शिक्षकों से पानी से दुर्गंध आने की शिकायत की. वहीं मिड डे मील बनाने वाली महिला ने भी शिक्षक से पानी से दुर्गंध आने की शिकायत की. स्कूल के कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने कहा कि उन्होंने जब टंकी में जाकर देखा, तो उसमें उन्हें मानव मल पड़ा मिला.
बताया जा रहा है कि पानी में मल मिले होने की बात सामने आने के बाद इस पानी से तैयार मिड डे मिल को फेंक दिया गया. स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर की ओर से दी गई सूचना के आधार पर उसी दिन मामले की जांच के लिए पुलिस मौक़े पर पहुंची. पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया. शिक्षा अधिकारियों ने भी मामले की जांच की. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद कांचीपुरम के डीएम और एसपी भी स्कूल पहुंचे और पानी की टंकी देखी. पुलिस ने स्कूल में मौजूद विद्यार्थियों सहित सभी स्टाफ़ की जांच की. लेकिन प्रशासन ने बाद में कहा कि पानी की टंकी में मानव मल से नहीं, बल्कि अंडों के छिलके थे. यह भी कहा गया कि इन अंडों को कोई कौवा लेकर आया हो सकता है.







