




रायपुर, 25 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े जी ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान आज गांधीनगर में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष श्री शंकर चौधरी जी से सौजन्य भेंट-मुलाकात की। इस दौरान बस्तर क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा डेयरी विकास की संभावनाओं और इस दिशा में किए जा सकने वाले प्रयासों पर चर्चा हुई।
प्रवास के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम कराई स्थित नंद घर (आंगनबाड़ी केंद्र) का अवलोकन किया। यहाँ बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित व्यवस्थाओं और आधुनिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने नंद घर में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे नवाचारों से सीख लेकर छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
इसी क्रम में उन्होंने गांधीनगर स्थित विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी (Specialized Adoption Agency – SAA) का निरीक्षण कर वहाँ की व्यवस्थाओं एवं बच्चों की देखभाल से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही गांधीनगर सेक्टर-15 स्थित समर्थ बॉयज हॉस्टल का भी अवलोकन किया और वहाँ उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके पूर्व गांधीनगर सचिवालय में गुजरात सरकार की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती डॉ. मनीषाबेन वकील जी से भी सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव श्री राकेश शंकर जी, सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा जी तथा छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक श्रीमती रेणुका श्रीवास्तव जी उपस्थित रहीं।
इसके साथ ही गुजरात प्रवास के दौरान गत दिवस मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने केवड़िया स्थित विश्वप्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, जिला नर्मदा पहुँचकर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की भव्य प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा जी भी उपस्थित रहीं। सरदार पटेल जी का अदम्य साहस, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति उनका समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
गुजरात प्रवास के दौरान विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली, नवाचारों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन कर उनके अनुभवों को छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण के क्षेत्र में उपयोगी बनाने की दिशा में यह भ्रमण महत्वपूर्ण रहा।







