
— श्री तोखन साहू (केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री)
26 नवंबर वह ऐतिहासिक दिन है, जब 1949 में भारत ने अपने संविधान को अंगीकार किया। संविधान दिवस के इस अवसर पर यह लेख संविधान के मुख्य शिल्पकार परम पूज्य बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान, ऐतिहासिक तथ्यों और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में उनकी विरासत को मिले सम्मान व संस्थागत रूप को रेखांकित करता है।
संविधान केवल विधि के अनुच्छेदों का संकलन नहीं, बल्कि हमारी सहस्राब्दियों पुरानी सांस्कृतिक चेतना और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ व ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ जैसे जीवन-मूल्यों का आधुनिक स्वरूप है। वैशाली के प्राचीन गणराज्य से लेकर ‘राजधर्म’ की परंपरा तक, लोकतंत्र और कर्तव्यबोध हमारी जड़ों में रहे हैं। मूल संविधान की पांडुलिपि में रामायण, महाभारत, भगवान बुद्ध, महावीर, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिंद सिंह जी के चित्र हमारी सांस्कृतिक निरंतरता को दर्शाते हैं।
आज़ादी से पूर्व देश के सामने सामाजिक विषमता, छुआछूत, जातिगत भेदभाव और अभाव की गंभीर चुनौतियाँ थीं। कैबिनेट मिशन योजना के तहत 1946 में गठित संविधान सभा (पहली बैठक 9 दिसंबर 1946) ने 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिनों के परिश्रम, 11 सत्रों में 165 दिनों की चर्चा और लगभग 60 देशों के संविधानों के अध्ययन के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान अपनाया तथा 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया। 29 अगस्त 1947 को गठित सात सदस्यीय प्रारूप समिति (ड्राफ्टिंग कमेटी) के अध्यक्ष के रूप में डॉ. अंबेडकर की भूमिका निर्णायक रही। 14 अप्रैल 1891 को महू (मध्य प्रदेश) में सूबेदार रामजी मालोजी सकपाल के घर चौदहवीं संतान के रूप में जन्मे बाबासाहेब ने कोलंबिया विश्वविद्यालय, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और ग्रेज़ इन से उच्च शिक्षा व डॉक्टरेट प्राप्त की। उन्होंने मौलिक अधिकार, वंचितों व पिछड़ों के लिए आरक्षण, महिलाओं को समानता और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ का अधिकार दिलाया, साथ ही भारतीय रिज़र्व बैंक और वित्त आयोग की नींव रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इतिहास के तथ्यों में यह भी दर्ज है कि स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक सत्ता में रही कांग्रेस के साथ बाबासाहेब के गंभीर वैचारिक और राजनीतिक मतभेद रहे। 1952 के पहले आम चुनाव में बॉम्बे उत्तर-मध्य सीट से उन्हें हराने के लिए उनके पूर्व सहयोगी नारायण सदोबा काजरोलकर को उतारा गया और स्वयं तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उनके विरुद्ध प्रचार किया; लगभग 15,000 मतों के अंतर से हार और 74,333 मतपत्रों की अस्वीकृति के विरुद्ध उन्होंने चुनाव याचिका भी दायर की। 1954 के भंडारा उपचुनाव में भी वे लगभग 8,500 मतों से पिछड़े। मंत्रिमंडल में उन्हें रक्षा और विदेश मामलों की समितियों से दूर रखा गया तथा महिलाओं के समान अधिकार से जुड़े ‘हिंदू कोड बिल’ पर सरकार के रुख से असहमत होकर उन्होंने 1951 में इस्तीफा दिया। अपनी पुस्तक ‘व्हाट कांग्रेस एंड गांधी हैव डन टू द अनटचेबल्स’ में उन्होंने लिखा कि कांग्रेस ने जातिगत सुधारों की बजाय राजनीतिक आज़ादी को अधिक प्राथमिकता दी। काका कालेलकर और मंडल आयोग (1980 की रिपोर्ट में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण) की सिफारिशों को दशकों तक लागू नहीं किया गया, जिसे 1990 में गैर-कांग्रेसी वी. पी. सिंह सरकार ने लागू किया। 6 दिसंबर 1956 को 26 अलीपुर रोड पर उनके निधन के बाद दिल्ली में अंतिम संस्कार व स्मारक, संसद के सेंट्रल हॉल में चित्र तथा ‘भारत रत्न’ सम्मान के लिए भी दशकों प्रतीक्षा करनी पड़ी। इसके अलावा, अनुच्छेद 356 का 90 से अधिक बार उपयोग, 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 का आपातकाल, 42वें संविधान संशोधन से न्यायिक शक्तियों में कटौती (बाद में 43वें व 44वें संशोधनों से कई प्रावधान बदले गए), 1973 में वरिष्ठ न्यायाधीशों को छोड़कर ए. एन. रे को मुख्य न्यायाधीश बनाना, शाह बानो मामले (1985-86) के बाद 1986 का कानून और बाबासाहेब की चेतावनी के बावजूद जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू करना ऐसे बिंदु रहे जिन पर बहस होती रही है।
दूसरी ओर, 1990 में भाजपा-समर्थित वी. पी. सिंह सरकार द्वारा बाबासाहेब को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ और संसद के सेंट्रल हॉल में तैलचित्र का सम्मान दिए जाने के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में उनकी विरासत को व्यापक संस्थागत स्वरूप मिला। मोदी जी ने बाबासाहेब से जुड़े पाँच स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित किया:
- जन्मभूमि (महू, मध्य प्रदेश): 14 अप्रैल 1891 की जन्मस्थली को बौद्ध स्तूप शैली में संवारा गया।
- शिक्षा भूमि (लंदन, ब्रिटेन): 1921-22 के 10 किंग हेनरी रोड स्थित आवास को स्मारक व केंद्र बनाया गया (2015 में उद्घाटन)।
- दीक्षा भूमि (नागपुर, महाराष्ट्र): 14 अक्टूबर 1956 को बौद्ध धर्म अपनाने के ऐतिहासिक स्थल को पहचान दी गई।
- महापरिनिर्वाण भूमि (26 अलीपुर रोड, दिल्ली): 6 दिसंबर 1956 के महापरिनिर्वाण स्थल पर संविधान की खुली पुस्तक के आकार का राष्ट्रीय स्मारक, संग्रहालय व ध्यान केंद्र विकसित किया गया।
- चैत्य भूमि (मुंबई, महाराष्ट्र): दादर समुद्र तट के पास इंदु मिल परिसर में स्टैच्यू ऑफ इक्वैलिटी, स्मारक व शोध केंद्र की नींव 2015 में रखी गई।
इन स्थलों के साथ-साथ नई दिल्ली में ‘डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर’ का उद्घाटन, लेखों का डिजिटल संरक्षण, ‘भीम ऐप’ की शुरुआत और 2015 में 125वीं जयंती पर प्रतिवर्ष 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ मनाने की पहल मोदी जी के नेतृत्व में की गई। एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम (2015, 2018) को सशक्त करने, एससी/एसटी आरक्षण की अवधि 10 वर्ष बढ़ाने, सामान्य वर्ग के निर्धनों को 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण देने, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान करने और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण (जो जनगणना के आंकड़ों के प्रकाशन के बाद परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने पर लागू होगा) देने जैसे कदम उठाए गए। साथ ही, 2019 में तीन तलाक को अवैध ठहराने का कानून, सीएए और 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 व 35A हटाने के निर्णय लागू किए गए।
संविधान दिवस पर बाबासाहेब का जीवन हमें संकल्प और शिक्षा से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। आइए, संविधान के सम्मान, कर्तव्यपालन, सामाजिक समरसता और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहें।







