
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान शुरू करने वाली पहली एयरलाइन इंडिगो होगी. ये पहली उड़ान 2024 के आखिरी तक शुरू हो जाएगी. बयान जारी करके बताया गया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनआईए) ने शुक्रवार को देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए, जो हवाई अड्डे के लिए लॉन्च वाहक बनने के लिए सहमत हो गया है.दिल्ली में हुए इस समझौते के तहत, एनआईए और इंडिगो उत्तर प्रदेश और उसके बाहर हवाई कनेक्टिविटी को विकसित करने और मजबूत करने की दिशा में मिलकर काम करेंगे. दिल्ली हवाई अड्डे से लगभग 75 किमी दूर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गौतम बौद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित है. एक बार शुरू होने के बाद, यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दूसरा अंतरराष्ट्रीय और कुल मिलाकर तीसरा कमर्शियल हवाई अड्डा होगा.
नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा “हम इंडिगो के साथ इस समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए उत्साहित हैं, जिसका घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में एक मजबूत आधार है. एनआईए और इंडिगो के बीच साझेदारी न केवल हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने में मदद करेगी बल्कि हमारे ग्राहकों के लिए एक असाधारण अनुभव रहेगा.”
श्नेलमैन ने आगे कहा, “इंडिगो के रूट नेटवर्क और एक्सपर्टीज का लाभ उठाकर, हमारा लक्ष्य अपने यात्रियों को बेहतरीन कनेक्टिविटी और असाधारण यात्रा अनुभव प्रदान करना है.”इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा कि एयरलाइन अपने लॉन्च कैरियर बनने के लिए एनआईए के साथ साझेदारी को लेकर रोमांचित है. एल्बर्स ने कहा, “भारत की लीडिंग एयरलाइन के रूप में, इंडिगो हमेशा कनेक्टिविटी बढ़ाने और देश को पंख देने में सबसे आगे रही है. एनआईए में हमारा ऑपरेशन उत्तर प्रदेश के लोगों को हमारे शानदार नेटवर्क पर बिना रुकावट कनेक्टिविटी प्रदान करेगा.”







