

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) और दूसरे निर्वाचन आयुक्तों (ईसी) की नियुक्ति में देश के मुख्य न्यायाधीश की भूमिका ख़त्म करने वाला एक विधेयक गुरुवार को राज्यसभा में पेश किया है.इस विधेयक के ज़रिए सीईसी और दो अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति, सेवा शर्तें और उनके कार्यकाल तय किए जाएंगे.
इस विधेयक के अनुसार, केंद्रीय चुनाव आयोग के शीर्ष पदों के चयन के लिए प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति में अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के अलावा सरकार की ओर से नामांकित एक कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे. इस विधेयक के एक प्रावधान के अनुसार, सीईसी या ईसी की नियुक्ति करने वाली समिति में खाली किसी पद के कारण होने वाली नियुक्ति को अब ‘अमान्य’ क़रार नहीं दिया जा सकता.
इस साल मार्च में सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने अपने एक अहम फ़ैसले में कहा था कि देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) और अन्य दो निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति प्रधानमंत्री, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और देश के मुख्य न्यायाधीश की समिति की सिफ़ारिश पर राष्ट्रपति करेंगे.
अदालत ने इन पदों पर होने वाली नियुक्ति को कार्यपालिका के हस्तक्षेप से बचाने के तहत यह फ़ैसला सुनाया था. विपक्ष ने इस विधेयक का विरोध करते हुए इसे ‘संविधान विरोधी’ क़रार दिया है. कांग्रेस के अनुसार, इस विधेयक के ज़रिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव आयोग को नियंत्रित करना चाहते हैं.
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अपने एक लंबे ट्वीट में इस विधेयक पर कहा है कि यह भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘काला दिन’ है और सरकार ‘भारतीय चुनाव आयोग’ को ‘मोदी चुनाव आयोग’ बनाना चाहती है.
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि इस विधेयक से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित होगी.अभी राजीव कुमार देश के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, जबकि अनूप चंद्र पांडे और अरुण गोयल निर्वाचन आयुक्त हैं. ये तीनों भारतीय प्रशासनिक सेवा के सदस्य रह चुके हैं.चुनाव आयोग में अगली नियुक्ति लोकसभा चुनाव के ठीक पहले फरवरी में होनी है.







