


Raipur chhattisgarh VISHESH // रायपुर, 16 नवंबर 2026: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग द्वारा “Emerging Semiconductor and Quantum Technologies: Devices, Architectures, and Applications” विषय पर छह दिवसीय एआईसीटीई एटीएएल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का शुभारंभ 16 नवंबर 2026 को ऑनलाइन माध्यम से किया गया। यह कार्यक्रम 16 से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। सेमीकंडक्टर क्षेत्र पर केंद्रित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सेमीकंडक्टर उपकरणों, क्वांटम प्रौद्योगिकी तथा अगली पीढ़ी की कंप्यूटिंग प्रणालियों के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास से शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं तकनीकी विशेषज्ञों को परिचित कराना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में प्रो. एन. वी. रमना राव, माननीय निदेशक, एनआईटी रायपुर मुख्य संरक्षक, प्रो. सुभोजित घोष, अध्यक्ष, सतत शिक्षा प्रकोष्ठ (CEC), एनआईटी रायपुर, डॉ. बिजयानंद पटनायक, विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग कार्यक्रम के संयोजक, प्रो. चित्रकांत साहू (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग) समन्वयक तथा डॉ. कौशल कुमार निगम (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग) सह-समन्वयक के रूप में उपस्थित रहे।

इस फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का प्रमुख उद्देश्य सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी, डिवाइस मॉडलिंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, न्यूरोमॉर्फिक सिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हार्डवेयर तथा उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों में हो रही प्रगति की व्यापक जानकारी प्रदान करना है। साथ ही, यह कार्यक्रम शैक्षणिक एवं औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने तथा प्रतिभागियों के बीच नवीनतम तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
उद्घाटन समारोह के पश्चात प्रथम तकनीकी सत्र में प्रो. जवार सिंह, प्रोफेसर, आईआईटी पटना ने “In-memory and Brain-inspired Computing: From Devices and Circuit Perspectives” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने इन-मेमोरी कंप्यूटिंग एवं मस्तिष्क-प्रेरित कंप्यूटिंग की उभरती अवधारणाओं पर प्रकाश डालते हुए ऊर्जा-कुशल कंप्यूटिंग प्रणालियों के विकास में सेमीकंडक्टर उपकरणों एवं सर्किट डिजाइन की भूमिका को विस्तार से समझाया।
इसके पश्चात द्वितीय तकनीकी सत्र में डॉ. शुभंकर मजूमदार, सहायक प्राध्यापक, एनआईटी मेघालय ने “Semiconductor to Quantum Technologies” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी से क्वांटम प्रौद्योगिकी तक के विकासक्रम, इन दोनों क्षेत्रों के बीच संबंध तथा भविष्य में उभरने वाली अनुसंधान संभावनाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
दोनों तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों को समकालीन अनुसंधान, नवीन तकनीकी अवधारणाओं एवं भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस छह दिवसीय कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों एवं उद्योग जगत के विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। इनमें आईआईटी, बीआईटीएस पिलानी दुबई कैंपस, यूनिवर्सिटी ऑफ अलबामा इन हंट्सविल, येउंगनाम यूनिवर्सिटी, ग्लोबलफाउंड्रीज, इंटेल, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स तथा कैडर डिजाइन सिस्टम जैसी संस्थाओं के विशेषज्ञ शामिल हैं।
कार्यक्रम के आगामी सत्रों में सेमीकंडक्टर डिवाइस मॉडलिंग, TCAD आधारित प्रौद्योगिकी, न्यूरोमॉर्फिक कंप्यूटिंग, एआई चिप्स, क्वांटम सर्किट, उन्नत FET प्रौद्योगिकी तथा ऊर्जा-कुशल कंप्यूटिंग आर्किटेक्चर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का समापन 21 नवंबर 2026 को समापन समारोह के साथ होगा।
इस प्रकार, एनआईटी रायपुर का इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान उत्कृष्टता तथा उद्योगोन्मुखी ज्ञान को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।








