

प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली में मिला सम्मान, सेल में लर्निंग और नेतृत्व विकास की पहलों को दिया नया आयाम
प्रविष्टि तिथि: 12 NOV 2026 5:58PM
भिलाई इस्पात संयंत्र के परियोजना-वाणिज्यिक विभाग में कार्यरत सहायक महाप्रबंधक सुश्री कोमल मेहरा को प्रशिक्षण एवं नेतृत्व विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्लोबल वुमेन एक्सीलेंस अवार्ड्स-2026 के अंतर्गत ‘एक्सीलेंस इन इंस्ट्रक्शनल लीडरशिप’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में ग्लोबल ट्रायम्फ फाउंडेशन द्वारा आयोजित ग्लोबल लीडरशिप समिट एंड अवार्ड्स-2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

‘लीडरशिप बियॉन्ड बाउंड्रीज’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में नेतृत्व, नवाचार, समावेशन और सतत विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही भविष्य के नेतृत्व की चुनौतियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के बढ़ते प्रभाव तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा प्रणाली विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

सुश्री मेहरा सेल में अधिकारियों के प्रशिक्षण, कौशल संवर्धन और क्षमता विकास से जुड़ी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। उनके योगदान को देखते हुए सेल के निदेशक (कार्मिक) द्वारा उन्हें एसएचआरएम (सोसाइटी फॉर ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) बेस्ट लर्नर अवार्ड तथा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर बेस्ट लर्निंग एम्बेसडर सम्मान से नवाजा जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, सेल के ई-3 एवं ई-5 स्तर के अधिकारियों की पदोन्नति परीक्षा की तैयारी के लिए व्यावसायिक संचार और परिवर्तन प्रबंधन विषयों पर ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित करने के लिए उन्हें कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान) द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया है। उन्होंने सेल के ई-1 से ई-6 स्तर तक के अधिकारियों के लिए इन विषयों पर प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए हैं।
वर्ष 2008 में सेल से अपने करियर की शुरुआत करने वाली सुश्री मेहरा वर्तमान में परियोजना प्रबंधन, निविदा एवं अनुबंध प्रबंधन तथा क्रय संबंधी गतिविधियों का दायित्व संभाल रही हैं। इसके साथ ही वे एंटी-ब्राइबरी मैनेजमेंट सिस्टम (एबीएमएस) अर्थात रिश्वतखोरी निरोधक प्रबंधन प्रणाली के लिए आंतरिक संसाधन विशेषज्ञ (इंटरनल रिसोर्स पर्सन) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।
ग्लोबल वुमेन एक्सीलेंस अवार्ड्स के माध्यम से नेतृत्व, शिक्षा, उद्यमिता, कॉर्पोरेट उत्कृष्टता, स्वास्थ्य, सामाजिक प्रभाव, मीडिया और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। सुश्री मेहरा को मिला यह सम्मान प्रशिक्षण एवं संस्थागत क्षमता विकास के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों और योगदान को रेखांकित करता है।








