







बिल्हा बना देश का सबसे स्वच्छ शहर, बिलासपुर को रीवर फ्रंट टाउन श्रेणी में मिला देश में दूसरा स्थान
नई दिल्ली। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने तीन राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए।

इस उपलब्धि में बिलासपुर का विशेष स्थान रहा, जिसे देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट टाउन घोषित किया गया। वहीं 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा को देश का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया। उल्लेखनीय है कि बिल्हा पिछले वर्ष भी इस श्रेणी में देश में प्रथम स्थान पर रहा था। रायपुर को छत्तीसगढ़ का सबसे स्वच्छ शहर होने का पुरस्कार मिला।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का विषय है कि राज्य के तीन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। बिल्हा का लगातार दूसरे वर्ष देश में स्वच्छता के क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त करना और बिलासपुर का रीवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल करना विशेष उपलब्धि है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को साकार करने की दिशा में केंद्र एवं राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
श्री साहू ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों तथा जागरूक नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित एक सतत जनआंदोलन है। हमारा संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के शहर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करें।








