



राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय के तहत किया गया। सप्ताह के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान सत्र, निबंध लेखन प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एनआईटी रायपुर के प्रभारी निदेशक डॉ. समीर बाजपेयी और संस्थान के मुख्य सतर्कता अधिकारी डॉ. प्रभात दीवान की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर डॉ विवेक अग्निहोत्री, सहायक सतर्कता अधिकारी, संकाय सदस्य, छात्र समन्वयकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. बाजपेयी ने कहा कि प्रतियोगिताएं केवल पुरस्कार प्राप्त करने तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के दौरान अर्जित कौशल एवं अनुभव भविष्य में व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में उपयोगी सिद्ध होते हैं, चाहे प्रतिभागी विजेता हों या नहीं।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत लिटराटी क्लब द्वारा“सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर हिंदी एवं अंग्रेज़ी निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में राजमणि ने प्रथम एवं निखिल कौशिक ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। अंग्रेजी निबंध लेखन प्रतियोगिता में अक्षांश तिवारी ने प्रथम, विश्वेश मिश्रा ने द्वितीय एवं महेश माणिकपुरी ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
वही राजभाषा समिति द्वारा ‘शास्त्रार्थ 2.0’ से वाद-विवाद सह भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “तकनीकी पारदर्शिता भ्रष्टाचार को कम कर सकती है, लेकिन सत्यनिष्ठा ही सुशासन की वास्तविक नींव है” था। हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में ऋषभ गुप्ता ने प्रथम, सुश्री सिया सिंह ने द्वितीय एवं स्वप्निल चौबे ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) डॉ. प्रभात दीवान ने सतर्कता सप्ताह 2026 के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम को प्रतिभागियों की एकाग्रता और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सादगीपूर्ण एवं सीमित स्वरूप में आयोजित किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि आगामी अवसरों पर सभी मिलकर और अधिक उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम के पश्चात अभिनय क्लब द्वारा ‘झूठ का बाजार’ विषय पर एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने भ्रष्टाचार जैसी सामाजिक समस्याओं को उजागर करते हुए इनके विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से दर्शाया। प्रस्तुति के माध्यम से सतर्कता, ईमानदारी और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया गया।








