

स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, नारीशक्ति और जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण के संदेश को बताया प्रेरणादायी
रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने रायपुर प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में साझा की गई प्रेरक कहानियों और जनभागीदारी के माध्यम से देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम की इस कड़ी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हैंडलूम क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर रही नारीशक्ति, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनसहभागिता से सामने आ रहे सकारात्मक परिणामों का उल्लेख किया। बिहार के मखाने का ग्रीस तक पहुँचना स्थानीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक पहचान और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना का प्रेरक उदाहरण है।
श्री तोखन साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों के नवाचार, परिश्रम और समाज के प्रति समर्पण को सामने लाने का प्रभावी माध्यम है। यह कार्यक्रम स्थानीय प्रतिभाओं, महिला उद्यमियों और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रयासों को पहचान दिलाने के साथ नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, पारंपरिक कौशल को संरक्षित करना और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनभागीदारी से संचालित ऐसे प्रयास स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और सतत विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में सहायक हैं।
श्री साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ की निरंतर यात्रा देश के कोने-कोने से प्रेरक कहानियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करती है। यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयासों की भावना को मजबूत करते हुए विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देता है।








