



‘चलौ रे संगी हॉकी खेलबो’ के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने की पहल, राज्य स्थापना दिवस पर होगा लीग का समापन
Raipur chhattisgarh VISHESH // रायपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 को प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि यह लीग छत्तीसगढ़ की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को देश-विदेश के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर प्रदान कर रही है।

राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित इस लीग में ओलंपियन सरदार सिंह सहित भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों की सहभागिता युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। श्री साहू ने कहा कि ‘चलौ रे संगी हॉकी खेलबो’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं में खेल भावना जगाने और हॉकी को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) जैसी पहलों से देश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। भारतीय खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन देश की बढ़ती खेल क्षमता को दर्शाता है।
22 अक्टूबर से प्रारंभ हुई छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 1 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। इसमें कुल छह टीमें—राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स—भाग ले रही हैं। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी हैं, जिनमें 18 छत्तीसगढ़ के स्थानीय खिलाड़ी और चार अन्य अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। लीग में कुल 132 खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
ओलंपियन सुरेंदर कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम जैसे खिलाड़ियों की सहभागिता से प्रतियोगिता का स्तर और अनुभव समृद्ध हो रहा है। खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अपने खेल कौशल को निखारने का अवसर भी मिल रहा है।
लीग का समापन 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 6 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। व्यक्तिगत श्रेणियों सहित कुल 21 लाख रुपये के पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। मैचों का सीधा प्रसारण JioHotstar के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे देशभर के खेलप्रेमी इस प्रतियोगिता से जुड़ सकते हैं।
श्री तोखन साहू ने आयोजन में सहयोग देने वाले जिंदल स्टील्स, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), श्री बजरंग पावर एंड इस्पात, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स तथा NMDC सहित सभी सहयोगी संस्थानों, हॉकी इंडिया, छत्तीसगढ़ हॉकी, मीडिया प्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवाओं और खेलप्रेमियों से लीग में सहभागिता कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने तथा छत्तीसगढ़ में हॉकी की परंपरा को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम मे उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव एवं विभाग के सँयुक्त सचिव श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित बडी सँख्या मे खेलप्रेमी उपस्थित रहे।








