

नंदिनी खदान ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
विद्यार्थियों को फल एवं शिक्षण सामग्री वितरित कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रविष्टि तिथि: 09 OCT 2026 5:55PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र की नंदिनी चूना-पत्थर खदान द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत आदर्श ग्राम स्कूल, देउरझाल में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ आदतों को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

भारत सरकार की ‘स्वच्छता ही सेवा’ पहल के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छ वातावरण के महत्व को समझने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को फल एवं शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई।
नंदिनी चूना-पत्थर खदान द्वारा कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों और स्थानीय समुदाय के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और अभियान के संदेश को अपने परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन खदान प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक (राजहरा) श्री चिंतला श्रीकांत के मार्गदर्शन तथा उप महाप्रबंधक (राजहरा) श्री संतोष कुमार खांडे, प्रशिक्षण अधिकारी एवं उप महाप्रबंधक (नंदिनी माइंस) श्री अजय चतुर्वेदी और सहायक महाप्रबंधक (नंदिनी माइंस) श्री अलंकार भिवगड़े के नेतृत्व में नंदिनी चूना-पत्थर खदान की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कनिष्ठ अभियंता श्री अरविंद प्रताप, श्री शिव बहादुर यादव और श्री हिम्मत सिंह रंधावा की विशेष उपस्थिति रही।





















