

बालोद, 08 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास शासी परिषद की बैठक आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विधायक डौण्डीलोहारा श्रीमती अनिला भेड़िया, गुण्डरदेही विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद, संजारी बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित न्यास परिषद के सभी सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में जिले के विकास कार्यों और योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बेसलाइन सर्वे एवं पंचवर्षीय योजना का अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के अप्रारंभ कार्यों की समीक्षा की गई तथा आवश्यकतानुसार उन्हें निरस्त करने की कार्रवाई भी की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कार्यों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के बाद एजेंडा के आधार पर विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई। इन कार्यों के माध्यम से जिले में उपलब्ध खनिज संसाधनों से प्राप्त राशि का उपयोग जनहित और विकास कार्यों में किया जाएगा।
जिला खनिज संस्थान न्यास के माध्यम से स्वीकृत कार्यों का उद्देश्य जिले के विकास को गति देना तथा संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाना है।





















