







सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम के 25 वर्ष विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दे रहे हैं: श्री तोखन साहू
अंबिकापुर, 7 अक्टूबर 2026।

आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रेरणादायी संबोधन को सुना। इसके पश्चात श्री साहू ने क्षेत्र में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के मशाल जुलूस में भी सहभागिता की।
श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की गौरवशाली यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री जी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सेवा, त्याग, निष्ठा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। विभिन्न क्षेत्रों से निकलकर अंबिकापुर पहुंची यात्राओं में ग्रामीणों, युवाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता जनभागीदारी की भावना को प्रदर्शित करती है।
श्री साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक सेवा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने जैसे कार्य भी अभियान का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा। तब तक भारत को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है।





















