

माई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत हुआ आयोजन
राजिम विधायक रोहित साहू ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया
प्रविष्टि तिथि: 04 NOV 2026 6:25PM
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ मंच के तत्वावधान में शासकीय वीर सुरेंद्र साय महाविद्यालय, गरियाबंद में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” (One Nation, One Election) रखा गया, जिसमें जिले भर के प्रतिभाशाली युवाओं ने भाग लेकर समसामयिक व लोकतांत्रिक मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रोहित साहू रहे। उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ देश में सतत विकास, नीतिगत निरंतरता और सुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं आवश्यक कदम है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को पूरा करने में नई पीढ़ी का बौद्धिक नेतृत्व और ऊर्जा अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सख्त मूल्यांकन मानकों के आधार पर निर्णायक मंडल ने विजेताओं की घोषणा की, जिसमें उत्कृष्ट वाकपटुता और तार्किक प्रस्तुति के दम पर हेमशरण ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में हितेश साहू द्वितीय तथा हर्षिता यदु तृतीय स्थान पर रहीं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी हेमशरण का चयन आगामी राज्य स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता के लिए किया गया है। मुख्य अतिथि द्वारा सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक, निर्णायक मंडल के सदस्य और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

*****








