

प्रविष्टि तिथि: 05 OCT 2026 5:00
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के अंतर्गत राजहरा माइंस अस्पताल में 28वें मेगा मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य राजहरा माइंस और इसके आसपास के ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को उनके ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श सुलभ कराना था। शिविर में जेएलएन अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (सेक्टर-9 अस्पताल), भिलाई के अनुभवी चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों की बहु-विषयक टीम ने उपस्थित होकर मरीजों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक उपचार व चिकित्सकीय सलाह प्रदान की।
यह मेगा मेडिकल कैंप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अस्पताल प्रमुख (एम एंड एचएस) डॉ. उदय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एम एंड एचएस) डॉ. संबिता पंडा, मुख्य महाप्रबंधक (राजहरा माइंस) श्री आनंद कुमार सिंह तथा सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री तुषार रॉयचौधरी के मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसके साथ ही श्री शैलेश पटनायक एवं उनकी टीम ने शिविर के प्रबंधन में सक्रिय सहयोग दिया।


शिविर में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं, जिनमें मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सौरभ मुखर्जी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. चित्रा सुनोव, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. इमैनुएल मैसी, दर्द प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. जयिता सरकार, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमानी गुप्ता, सामान्य शल्य चिकित्सक डॉ. धीरज शर्मा, ईएनटी शल्य चिकित्सक डॉ. प्रियंका शिवप्पा तथा शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभस्मिता पटनायक शामिल रहे। विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के डीएनबी रेजिडेंट डॉक्टरों (डॉ. शुभम, डॉ. अन्नपूर्णा, डॉ. ओम, डॉ. प्रांशु), फिजियोथेरेपिस्ट श्री दिग्विजेंद्र किशोर, मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट श्री कल्लोल मैती और सहायक प्रबंधक श्रीमती सुनीता साहू के अलावा राजहरा माइंस अस्पताल के नर्सिंग व सहयोगी स्टाफ ने भी शिविर के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिनभर चले इस शिविर के दौरान कुल 620 मरीजों का पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श किया गया। विशेष उपचार के तहत अस्थि रोग विभाग द्वारा 8 मरीजों को इंट्रा-आर्टिकुलर इंजेक्शन लगाए गए और 5 मरीजों के प्रभावित अंगों में प्लास्टर (पीओपी) चढ़ाया गया। शिविर में आए सभी मरीजों को नि:शुल्क आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
उल्लेखनीय है कि राजहरा माइंस और समीपवर्ती अंचल के निवासियों को उनके घर के पास ही सुपर-स्पेशलिटी और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा देने के उद्देश्य से लगभग 27 माह पूर्व मासिक मेगा मेडिकल कैंप की श्रृंखला शुरू की गई थी। पिछले दो वर्षों से अधिक समय से निरंतर आयोजित हो रहे इन मेगा मेडिकल कैंपों के माध्यम से क्षेत्र के हजारों नागरिक अब तक लाभान्वित हो चुके हैं।





















