






मुंगेली, 25 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू आज मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ एवं मेगा हेल्थ कैंप तथा ₹69 करोड़ 20 लाख से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में मनाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ और मेगा हेल्थ कैंप जैसे आयोजन सेवा, स्वास्थ्य और जनभागीदारी की भावना को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है।

श्री साहू ने मदकूद्वीप क्षेत्र के लिए ₹69 करोड़ 20 लाख से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को गति मिल रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मदकूद्वीप के प्राचीन रामाश्रय एवं गणेश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कन्या पूजन किया तथा कन्या भोज में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण है। मदकूद्वीप में इतिहास, आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। ऐसी धरोहरें हमारी संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों से जोड़ती हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का अवलोकन किया तथा संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों एवं ऐतिहासिक अवशेषों की जानकारी ली।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला एवं श्री पुन्नूलाल मोहले, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा एवं श्री कृष्णमूर्ति बांधी, पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद पंचायत पथरिया की अध्यक्ष श्रीमती चित्ररेखा मनीष जांगड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





















