

प्रविष्टि तिथि: 15 SEP 2026 4:39PM
पेंशनरों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से कार्यालय संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा, छत्तीसगढ़ दूरसंचार परिमंडल, रायपुर द्वारा पेंशन अदालत का आयोजन किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026 27 की दूसरी तिमाही के अंतर्गत यह अदालत दिनांक 16 सितम्बर 2026 को प्रातः 11:00 बजे संचार भवन, रायपुर में आयोजित होगी।

पेंशन अदालत में पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से संबंधित विभिन्न समस्याओं तथा लंबित प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं पेंशन प्रकरणों से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहेंगे, ताकि पेंशनरों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का मौके पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए पात्र मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण का प्रयास किया जाएगा। पेंशन अदालत का उद्देश्य पेंशनरों की शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा उन्हें बेहतर पेंशन सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस पहल से पेंशनरों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त मंच प्राप्त होगा, जहाँ उनकी शिकायतों पर सीधे विभागीय स्तर पर सुनवाई कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





















