

Raipur chhattisgarh VISHESH / बेमेतरा/बालसमुंद, 08 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा बालसमुंद(जिला – बेमेतरा)के नवीन भवन परिसर का लोकार्पण दिनांक 08 सितंबर 2026 को गरिमामय समारोह के बीच किया गया। नवीन भवन का लोकार्पण छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष माननीय श्री विनोद कुमार अरोरा द्वारा किया गया। नवीन एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन के प्रारंभ होने से शाखा के ग्राहकों को पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
लोकार्पण समारोह में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री हरविंद्र सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (परिचालन) श्री रविन्द्र नाथ जोगी, एवं संतोष तराई तथा शाखा प्रबंधक बालसमुंद श्री पी.एस. शरण एवं कार्यालय सहायक श्री नरसिंह क्षत्रिय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बैंक के ग्राहक, स्थानीय नागरिक एवं हितग्राही भी शामिल हुए।

इस अवसर पर बैंक के अध्यक्ष माननीय श्री विनोद कुमार अरोरा जी ने उपस्थित ग्राहकों एवं हितग्राहियों को संबोधित करते हुए बैंक की कार्यप्रणाली, ग्राहक सेवा एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक विकास में बैंक की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्राहकों को बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष महोदय द्वारा स्वयं सहायता समूह को ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में बैंक की प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई।
क्षेत्रीय प्रबंधक श्री हरविंद्र सिंह ने उपस्थित ग्राहकों को छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग सहित अन्य डिजिटल सुविधाओं के उपयोग एवं उनके लाभों के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने बैंक द्वारा प्रदान किए जा रहे विभिन्न ऋण उत्पादों, जैसे गृह ऋण, कार ऋण एवं आदि की जानकारी देते हुए ग्राहकों को इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्राहकों ने बैंक की विभिन्न सेवाओं एवं उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। ग्राहकों ने शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रदान की जा रही त्वरित एवं सहयोगात्मक सेवाओं तथा ग्राहकों के प्रति उनके उत्तम व्यवहार की भी विशेष रूप से प्रशंसा की। ग्राहकों ने कहा कि नवीन भवन के प्रारंभ होने से उन्हें बैंकिंग कार्यों के लिए बेहतर वातावरण एवं अधिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।
छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार, कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। बालसमुंद शाखा के इस नवीन भवन का शुभारंभ भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन शाखा की परिचालन क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र के ग्राहकों को सुगम, सुरक्षित एवं बेहतर बैंकिंग अनुभव प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





















