


Raipur chhattisgarh VISHESH / बचेली, 28 अगस्त।
एनएमडीसी बीआईओएम बचेली कॉम्प्लेक्स द्वारा समीपस्थ ग्रामों के आदिवासी युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बचेली कॉम्प्लेक्स के समीपस्थ ग्रामों के 169 आदिवासी युवा धावक हैदराबाद में आयोजित होने वाली फुल मैराथन एवं हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए सम्मिलित हुए। श्री शिव कुमार, स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी के चेयरमेन और मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन), ने एनएमडीसी हैदराबाद मैराथन के लिए बसों को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

29 एवं 30 अगस्त को हैदराबाद में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के आदिवासी युवा धावक अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
एनएमडीसी की ओर से इन युवाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया है। धावकों के लिए खेल जूते, आवश्यक किट, प्रशिक्षण, आवास तथा परिवहन की व्यवस्था एनएमडीसी द्वारा की गई है, जिससे प्रतिभागी बेहतर तैयारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकें। एनएमडीसी की यह पहल दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में निवास करने वाले युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हैदराबाद में आयोजित होने वाली मैराथन प्रतियोगिता में 45 लाख रुपये की कुल पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 169 युवा धावकों की भागीदारी बचेली क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इन युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर बचेली परियोजना प्रमुख श्री श्रीधर कोडाली, मुख्य महाप्रबंधक ने सभी प्रतिभागी धावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनएमडीसी सदैव स्थानीय युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने धावकों से पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा बचेली क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।





















