

‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए’— मात्र ₹520 में नजदीकी डाकघरों में उपलब्ध होगा संपूर्ण पूजा व उपहार सेट
प्रविष्टि तिथि: 18 AUG 2026 6:32PM by PIB Raipur
रक्षाबंधन के पावन पर्व को और अधिक खास बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग के छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल द्वारा एक विशेष पहल की गई है। डाक विभाग इस वर्ष भाई-बहन के अटूट और अनमोल रिश्ते के लिए एक बेहद आकर्षक और प्रीमियम “राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स” लेकर आया है। ‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए’ के संदेश के साथ तैयार यह बॉक्स उत्सव की खुशियों को दोगुना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। आम जनमानस की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष गिफ्ट बॉक्स मात्र ₹520/- (पांच सौ बीस रुपये मात्र) की बेहद किफायती कीमत पर नजदीकी डाकघरों में बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।


मीडिया से बात करते हुए श्री प्रणव कुमार (मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल) ने कहा कि “छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने इस बार एक विशेष ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’ तैयार किया है। मात्र ₹520 की बेहद किफायती कीमत पर उपलब्ध इस प्रीमियम बॉक्स में दो आकर्षक राखियों के साथ-साथ पारंपरिक अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, पिक्चर पोस्टकार्ड और की-रिंग जैसी सर्व-सुविधाजनक वस्तुएं दी गई हैं ताकि बहनों को पूजा और उपहार के लिए अलग-अलग न भटकना पड़े।

इसके साथ ही, हमने पूरे डाकघरों को राखी वितरण हेतु बेहद सख्त निर्देश जारी किए हैं। आरएमएस केंद्रों को यह स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि रक्षाबंधन के पर्व से पहले ही एक भी राखी या राखी मेल पेंडिंग न रहे — सभी डाक क्लियर होकर गंतव्य के लिए रवाना हो जानी चाहिए। हमारा लक्ष्य 100% ऑन-टाइम डिलीवरी सुनिश्चित करना है ताकि त्यौहार के दिन किसी भी बहन की राखी पहुँचने में देरी न हो। भारतीय डाक समय पर और भरोसेमंद डिलीवरी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
भारतीय डाक विभाग का यह कदम उन भाई-बहनों के लिए एक बेहतरीन अवसर प्रस्तुत करता है जो दूर-दराज के क्षेत्रों में रहते हैं। इस सर्व-सुविधाजनक गिफ्ट बॉक्स के माध्यम से लोग बिना किसी परेशानी के रक्षाबंधन की सभी आवश्यक सामग्रियां एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकते हैं और डाक विभाग के विश्वसनीय नेटवर्क के माध्यम से अपने परिजनों तक पर्व का स्नेह पहुंचा सकते हैं





















