

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय में चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम
प्रविष्टि तिथि: 19 AUG 2026 6:43PM
कटघोरा में आयोजित नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनका स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। युवाओं को नशे के बजाय अपने लक्ष्य और सफलता का जुनून अपनाना चाहिए।

शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने अतिथियों के साथ चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को चित्रों और सूचना सामग्री के माध्यम से सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

युवाओं से नशे को छोड़कर लक्ष्य को अपनाने की अपील
विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने कहा कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार, सामाजिक संबंध और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है। इसलिए युवाओं को नशे की शुरुआत से ही स्वयं को इससे दूर रखना चाहिए और अपने मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा और समय नशे में नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल, कौशल विकास, कला, नवाचार और सामाजिक कार्यों में लगाना चाहिए। विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए अनुशासन और निरंतर मेहनत को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं।
अच्छी चीजों का नशा करें युवा : जायसवाल
नगर पालिका परिषद, कटघोरा के अध्यक्ष श्री राज जायसवाल ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि किसी चीज का नशा करना है तो अच्छी चीजों का नशा करें। पढ़ाई में आगे बढ़ने का नशा हो, अपने लक्ष्य को हासिल करने का जुनून हो और जीवन में सफलता प्राप्त करने की ललक हो। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशे की आदत व्यक्ति की प्रतिभा और संभावनाओं को कमजोर करती है, जबकि शिक्षा और सफलता के प्रति जुनून जीवन को नई दिशा देता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग ऐसे कार्यों में करना चाहिए, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बने और परिवार, समाज तथा देश को उन पर गर्व हो।
ब्रह्माकुमारी बिंदु बहन ने स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बिंदु बहन ने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और संयमित जीवन व्यक्ति को आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों में लगाते हुए स्वयं के साथ समाज के स्वास्थ्य और कल्याण में भी योगदान देना चाहिए।
दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को प्रभारी महाविद्यालय प्राचार्य श्री एम. एम. जोशी ने नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया संदेश
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान चित्रकला, रंगोली, भाषण, निबंध एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, स्वस्थ जीवन, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। गीत एवं नाटक दल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी नशे के दुष्परिणामों और इससे बचाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय संचार ब्यूरो के उप निदेशक श्री रमेश जायभाये ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए संवाद, जनभागीदारी और निरंतर जनसंचार की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के तकनीकी सहायक श्री के. वी. गिरी ने किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी, केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।





















