

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 17 अगस्त 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वच्छ एवं सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए संचालित ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के माध्यम से आम परिवार अपनी छत पर सोलर प्लांट स्थापित कर बिजली की जरूरत पूरी करने के साथ-साथ बिजली खर्च में भी उल्लेखनीय कमी ला रहे हैं। गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत भदौरा निवासी श्री शुभम राठौर भी ऐसे ही लाभार्थी हैं, जिन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर सौर ऊर्जा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया है।
सोलर प्लांट स्थापित करने से पहले श्री राठौर को हर महीने लगभग 400 से 500 रुपये तक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था। योजना का लाभ लेकर सोलर प्लांट लगवाने के बाद उनके बिजली खर्च में बड़ी राहत मिली। केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई, जबकि राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी का लाभ मिला। श्री राठौर बताते हैं कि सोलर प्लांट लगने के बाद अब बिजली बिल को लेकर चिंता नहीं है। अब हमारी जरूरत की बिजली हमारी अपनी छत से तैयार होती है। इससे बिजली खर्च में राहत मिली है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में जाने से उसका लाभ भी हमें मिलता है। सोलर प्लांट से जरूरत से अधिक बिजली बनने पर अतिरिक्त विद्युत ग्रिड में पहुंचती है, जिससे उसका समायोजन बिजली बिल में किया जाता है। इस तरह श्री राठौर न केवल अपने घर की बिजली जरूरत को सौर ऊर्जा से पूरा कर रहे हैं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं। श्री शुभम राठौर की यह पहल बताती है कि सरकारी योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठाकर परिवार ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकते हैं। सौर ऊर्जा से बिजली खर्च में राहत, स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग और पर्यावरण संरक्षण-इन तीनों का लाभ एक साथ मिल रहा है।

समाचार
इंडस्ट्रीज-बैंकर्स मीट एवं कार्यशाला 19 अगस्त को
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 17 अगस्त 2026/सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयों को वित्तीय सहयोग एवं बैंकिंग सुविधाओं का सुगम लाभ दिलाने तथा उद्यमियों एवं बैंकिंग संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से रैम्प योजना के अंतर्गत इंडस्ट्रीज-बैंकर्स मीट एवं कार्यशाला आगामी 19 अगस्त बुधवार को दोपहर 12 बजे स्वामी आत्मानंद मल्टीपर्पस हायर सेकेंडरी स्कूल पेण्ड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित किया गया है। कार्यशाला में जिले के उद्यमियों, हितग्राहियों, बैंकिंग संस्थाओं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यशाला के माध्यम से उद्यमियों को वित्तीय सहायता, बैंकिंग सुविधाओं एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए बैंकिंग संस्थाओं और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा। कार्यशाला में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, किसान उत्पादक संगठन, राइस मिलर्स, लाईवलीहुड कॉलेज के हितग्राहियों तथा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त हितग्राहियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इससे जिले में उद्यमिता को प्रोत्साहन देने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।
समाचार
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ 18 अगस्म को, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 17 अगस्त 2026/जिले में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ मंगलवार 18 अगस्त को प्रातः 10.30 बजे फिजिकल कॉलेज खेल मैदान पेण्ड्रा में होगा। चार दिवसीय यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 18 से 21 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 540 खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री भारत सरकार श्री तोखन साहू होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मरवाही विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची करेंगे। कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत एवं कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे, नगर पंचायत मरवाही की अध्यक्ष श्रीमती मधु बाबा गुप्ता, जनपद पंचायत पेण्ड्रा की अध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर अजीत सिंह श्याम, जनपद पंचायत गौरेला के अध्यक्ष श्री शिवनाथ बघेल तथा जनपद पंचायत मरवाही की अध्यक्ष श्रीमती जानकी खुसरो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के अंतर्गत जिम्नास्टिक बालक-बालिका, क्रिकेट बालक, ताईक्वांडो बालक-बालिका तथा कबड्डी बालिका की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले खिलाडि़यों को इस प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और राज्य स्तरीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।





















