

इन-हाउस तकनीकी विशेषज्ञता से विकसित सुविधा से ऊंचाई पर होने वाले कार्यों में सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा
प्रविष्टि तिथि: 17 AUG 2026 6:07PM
भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) में कार्यस्थल पर सुरक्षा को और सुदृढ़ करने तथा परिचालन विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में नवीन इन-हाउस लांस जाम कटिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया गया। कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) बी. के. बेहरा ने 14 अगस्त को एसएमएस-3 के बेसिक ऑक्सीजन फर्नेस (बी.ओ.एफ.) कॉम्प्लेक्स में बी.ओ.एफ.-3 के बाद स्थित पुराने लांस कटिंग स्टैंड के समीप विकसित इस सुविधा का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (उपयोगिताएं) जे. पी. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) प्रद्युम्न सतपथी, महाप्रबंधक (प्रचालन-प्रभारी) प्रमोद अग्रवाल, महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं प्रशिक्षण) उमाशंकर परगनिहा, महाप्रबंधक (एसएमएस-3 कार्यालय) दिलीप वार्ष्णेय और महाप्रबंधक (मैकेनिकल) अजीत नारायण सहित एसएमएस-3 के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) बी. के. बेहरा ने इस पहल के लिए एसएमएस-3 की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने सुरक्षा के क्षेत्र में इन-हाउस तकनीकी विशेषज्ञता के प्रभावी उपयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास सुरक्षित एवं विश्वसनीय परिचालन के साथ लागत अनुकूलन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शॉप-फ्लोर की व्यावहारिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित यह पहल अन्य इकाइयों के लिए भी अनुकरणीय है।

नवीन लांस जाम कटिंग कॉम्प्लेक्स को ऊंचाई पर किए जाने वाले लांस जाम कटिंग कार्य की प्रकृति और सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसमें बेहतर कार्य प्लेटफॉर्म, सुगम पहुंच और आवश्यक सुरक्षा प्रावधान सुनिश्चित किए गए हैं। इससे लांस जाम कटिंग जैसी महत्वपूर्ण गतिविधि को अधिक सुरक्षित, नियंत्रित और सुविधाजनक तरीके से संपादित करने में सहायता मिलेगी तथा कार्य के दौरान संभावित असुरक्षित परिस्थितियों को कम किया जा सकेगा। यह सुविधा सुरक्षित कार्य पद्धतियों को बढ़ावा देने और शॉप-फ्लोर पर मौजूद व्यावहारिक सुरक्षा चुनौतियों के प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस परियोजना की प्रमुख विशेषता यह है कि इसकी संकल्पना, डिजाइन और निष्पादन का कार्य भिलाई इस्पात संयंत्र की इन-हाउस तकनीकी विशेषज्ञता और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से किया गया। यह स्टील मेल्टिंग शॉप-3 की अभियांत्रिकी क्षमता, नवाचार और आत्मनिर्भर कार्यशैली को दर्शाता है। कॉम्प्लेक्स का डिजाइन उप महाप्रबंधक (मैकेनिकल) राकेश वृष्णवंशी ने सेवानिवृत्त महाप्रबंधक (मैकेनिकल) संजीबा मिश्रा और महाप्रबंधक (मैकेनिकल) अजीत नारायण के मार्गदर्शन में तैयार किया। इसके निष्पादन में वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल) चंदन चतुर्वेदी, वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल) अमृत अशुग पाल और उप प्रबंधक (मैकेनिकल) एन. जे. राव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुख्य महाप्रबंधक (उपयोगिताएं) जे. पी. सिंह ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि शॉप-फ्लोर की व्यावहारिक सुरक्षा चुनौती का इन-हाउस तकनीकी विशेषज्ञता के माध्यम से प्रभावी निराकरण इस परियोजना की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ऐसे प्रयास सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने के साथ परिचालन की विश्वसनीयता और निरंतरता को भी सुदृढ़ करते हैं।
मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि नवीन लांस जाम कटिंग कॉम्प्लेक्स “सुरक्षा प्रथम, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता” की कार्यसंस्कृति के प्रति एसएमएस-3 की प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि शॉप-फ्लोर की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित इन-हाउस समाधान सुरक्षित, कुशल और विश्वसनीय संचालन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





















