












जनसमस्याओं को सुना, विभिन्न विकास एवं सामाजिक आयोजनों में हुए सम्मिलित
Raipur chhattisgarh VISHESH / बिलासपुर, छत्तीसगढ़।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर में आयोजित विभिन्न जनसंपर्क, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद किया तथा जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
श्री साहू ने अपने बिलासपुर स्थित निज कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देशित किया।
इसके पश्चात श्री साहू ने न्यू लोको रेलवे कॉलोनी स्थित श्री माँ त्रिपुर सुंदरी मरिमाई मंदिर में मंदिर समिति द्वारा आयोजित पूजा-अर्चना कार्यक्रम में सहभागिता कर विधिवत पूजन एवं दर्शन किया। उन्होंने माँ से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
श्री साहू ने बहतराई स्थित श्री निखिलाश्रम में भवन निर्माण हेतु आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में भी सहभागिता की तथा विधिवत पूजा-अर्चना की।
इसी क्रम में उन्होंने राजकिशोर नगर स्थित ऊर्जा पार्क में सामाजिक भवन निर्माण हेतु आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके बाद आयोजित भव्य बाइक रैली में भी सम्मिलित हुए।
श्री साहू ने ग्राम गतौरा में आयोजित राठौर समाज महासम्मेलन में भी सहभागिता की तथा समाज के प्रबुद्धजनों एवं नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने सामाजिक एकता, सहभागिता एवं समाज के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन के माध्यम से क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं को समझने और संबंधित विभागों के समन्वय से उनके त्वरित निराकरण का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने विभिन्न आयोजनों में मिले स्नेह, सम्मान एवं आत्मीयता के लिए क्षेत्रवासियों, आयोजक समितियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।





















