









विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शहीदों एवं विस्थापित परिवारों को किया नमन, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का दिया संदेश
Raipur chhattisgarh VISHESH / बिलासपुर, 14 अगस्त 2026

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने बिलासपुर में आयोजित विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा एवं तिरंगा बाइक रैली में शामिल होकर नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। इसके साथ ही लाल बहादुर शास्त्री स्कूल स्थित देवकीनंदन दीक्षित ऑडिटोरियम में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
नेहरू चौक से लालबहादुर शास्त्री चौक तक निकली तिरंगा यात्रा तथा सीएमडी चौक से निकली तिरंगा बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। बिलासपुरवासियों, विशेषकर युवाओं का उत्साह और तिरंगे के प्रति सम्मान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रनिर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी जनभागीदारी की भावना सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करती है।
श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी की भावना को व्यापक रूप से सशक्त कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य एवं गौरव की भावना को अभिव्यक्त करने का आह्वान किया।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर पीड़ितों एवं बलिदानियों को श्रद्धांजलि
इसके पश्चात श्री साहू ने बिलासपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल के देवकीनंदन दीक्षित ऑडिटोरियम में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विभाजन की त्रासदी, विस्थापित परिवारों की पीड़ा, संघर्ष और बलिदान को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।
श्री साहू ने कहा कि विभाजन का दर्द केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं है, बल्कि लाखों परिवारों की स्मृतियों में आज भी जीवित है। उन्होंने विभाजन के दौरान पीड़ा झेलने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात पीड़ितों तथा राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
श्री साहू ने कहा कि तिरंगा यात्राओं में उमड़ा जनसैलाब और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर लोगों की सहभागिता यह संदेश देती है कि भारत की शक्ति उसकी एकता, विविधता और सामूहिक राष्ट्रभावना में निहित है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि विभाजन की पीड़ा और बलिदानों को स्मरण रखते हुए एक सशक्त, समरस, एकजुट और आत्मविश्वासी भारत के निर्माण का संकल्प लें।





















